राष्ट्रीय

पंजाब में धान कटाई 99% के पार, फिर भी पराली जलाने के 6,874 मामले दर्ज; 11.94 करोड़ का जुर्माना लगा

पंजाब में धान कटाई 99% के पार, फिर भी पराली जलाने के 6,874 मामले दर्ज; 11.94 करोड़ का जुर्माना लगा

​पंजाब में धान की कटाई लगभग पूरी होने के बावजूद खेतों में पराली जलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) की 19 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर भूमि में से 99.10 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई हो चुकी है, लेकिन अब तक पराली जलाने की 6,874 घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं। इनमें से 6,425 स्थानों के निरीक्षण के बाद 2,704 जगहों पर आग लगाने की पुष्टि हुई है।

​जुर्माना, एफआईआर और राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री

प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं:

​जुर्माना व वसूली: पर्यावरण मुआवजे के तहत 2,372 मामलों में कुल 11.94 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 4.27 करोड़ रुपये की वसूली हो सकी है।

​कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई: बीएनएस (BNS) की धारा 223 के तहत 2,066 एफआईआर दर्ज की गईं और 2,200 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में ‘रेड एंट्री’ की गई है। इसके अलावा 41 अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन प्रक्रिया शुरू की गई है तथा 2,051 नोटिस जारी हुए हैं।

​प्रमुख जिलों का हाल: फिरोजपुर सबसे आगे

जिलावार आंकड़ों के मुताबिक, फिरोजपुर में सबसे अधिक 892 घटनाएं दर्ज हुई हैं। इसके बाद संगरूर (787), तरनतारन (710), बठिंडा (631), पटियाला (441) और बरनाला (384) का स्थान है। अकेले पटियाला में 99.70 प्रतिशत कटाई के बीच 260 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई, जहां 246 एफआईआर और 10.65 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि, कार्रवाई के बावजूद मुआवजा राशि की पूरी वसूली न हो पाना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *