रकुल प्रीत सिंह ने शेयर कीं ‘रामायण’ के सेट से बीटीएस तस्वीरें, शूर्पणखा के लुक और अनुभव पर की बात
रकुल प्रीत सिंह ने शेयर कीं ‘रामायण’ के सेट से बीटीएस तस्वीरें, शूर्पणखा के लुक और अनुभव पर की बात
मुंबई:
बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है। फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने इस प्रोजेक्ट से जुड़े अपने सफर की कुछ खास झलकियां सोशल मीडिया पर साझा की हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शूटिंग के दौरान के कुछ पल, मेकअप की प्रक्रिया और बीटीएस (बिहाइंड द सीन्स) तस्वीरें व वीडियो पोस्ट किए हैं।
रकुल ने अपने इस पोस्ट में बताया कि वह लंबे समय से इस अनुभव को फैंस के साथ साझा करना चाहती थीं। उन्होंने लिखा कि ऐसी कहानी का हिस्सा बनना जो पीढ़ियों से हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा रही है, उनके लिए बेहद गर्व की बात है। अभिनेत्री ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण ही यह बड़ा सपना हकीकत में बदल पाया है। इसके अलावा उन्होंने रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, काजल अग्रवाल और शोभना समेत पूरी स्टारकास्ट और क्रू के साथ काम करने के अनुभव को शानदार बताया।
अपने चुनौतीपूर्ण लुक के बारे में बात करते हुए रकुल ने खुलासा किया कि उनके शूर्पणखा के रूप को तैयार करने में उनकी हेयर, मेकअप और कॉस्ट्यूम टीम को हर रोज करीब चार घंटे लगते थे। उन्होंने अपनी पूरी टीम की मेहनत और रचनात्मकता की जमकर तारीफ की है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में हैं, जबकि अभिनेता यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।

