Monday, November 2, 2026
Latest:
मनोरंजन

200 करोड़ की ठगी मामला: सुकेश चंद्रशेखर केस में कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही, राउज एवेन्यू कोर्ट ने जताई नाराजगी

200 करोड़ की ठगी मामला: सुकेश चंद्रशेखर केस में कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही, राउज एवेन्यू कोर्ट ने जताई नाराजगी

​महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही सोमवार (2 नवंबर 2026) को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश नहीं हुईं। अदालत में उन्हें अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में अपना बयान दर्ज कराना था। नोरा के वकील द्वारा व्यक्तिगत पेशी से छूट की मांग किए जाने पर अदालत ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि “अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता।” अब कोर्ट ने गवाही दर्ज कराने के लिए 6 नवंबर की अगली तारीख तय की है।

​पुलिस ने कहा- नोटिस और फोन का नहीं मिला जवाब

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से अदालत को बताया गया कि अभिनेत्री को 22 अक्टूबर को ही ईमेल, व्हाट्सएप और फोन के जरिए पेशी का नोटिस भेज दिया गया था, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इससे पहले भी अदालत ने नोरा को 2 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। बता दें कि सुकेश मामले की तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा का नाम गवाह के तौर पर दर्ज है।

​क्या है 200 करोड़ की ठगी का मामला?

यह मामला फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से जुड़ा है, जिनसे सुकेश चंद्रशेखर ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उनके पति को जमानत दिलाने के नाम पर 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और ईडी (ED) की जांच में सुकेश द्वारा कई अभिनेत्रियों को महंगे उपहार देने की बात सामने आई थी। नोरा ने जांच एजेंसियों को बताया था कि उन्हें सुकेश की आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और वह खुद इस साजिश का शिकार हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *