अमेरिका के फ्लोरिडा में भीषण विमान हादसा: ‘लियरजेट 60’ दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 9 लोगों की मौत
अमेरिका के फ्लोरिडा में भीषण विमान हादसा: ‘लियरजेट 60’ दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 9 लोगों की मौत
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है, जहां ‘लियरजेट 60’ (Learjet 60) बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए दुर्घटना की पुष्टि करते हुए इसे एक “भयानक त्रासदी” करार दिया है।
ऑस्टिन से बहामास जा रहा था विमान
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, विमान पंजीकरण संख्या N722BD ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:50 बजे विमान क्रेस्टहेवन के पास मिलिट्री ट्रेल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मिसाइल की तरह गिरा विमान, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा
दुर्घटना के बाद सड़क और पास के रिहायशी इलाके में भीषण आग लग गई और घना धुआं छा गया। घटना स्थल का दौरा करने के बाद फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बताया, “यह हादसा बेहद भीषण था। ऐसा लग रहा था जैसे कोई मिसाइल नीचे गिरी हो, जिससे सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया है।” हालांकि, राहत की बात यह रही कि जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
600 स्थानीय निवासियों को भेजा गया आश्रय स्थल
हादसे के बाद इलाके में मलबा फैलने और जांच अभियानों के चलते पाम बीच काउंटी के अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल के पास रहने वाले करीब 600 लोगों के लिए अस्थायी आश्रयों (शेल्टर्स) की व्यवस्था की है। स्थानीय प्रशासन और अमेरिकन रेड क्रॉस की मदद से निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
जांच में जुटी NTSB, खराब मौसम और बर्फ जमने की आशंका
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और FAA ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के अनुसार, विमान के तीव्र गति से नीचे आने से कुछ ही समय पहले पायलटों ने बारिश और बर्फ जमने (Icing) की बात कही थी। NTSB की टीम सोमवार को वेस्ट पाम बीच पर मीडिया ब्रीफिंग कर शुरुआती जांच से जुड़े तथ्यों को साझा करेगी।

