चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि, यात्रियों ने व्यवस्थाओं के लिए जताया आभार
चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि, यात्रियों ने व्यवस्थाओं के लिए जताया आभार
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा का संचालन किया जा रहा है, जिसके प्रति देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में गहरा संतुष्टि का भाव दिखाई दे रहा है।
गुजरात की महापौर ने की व्यवस्थाओं की सराहना
गुजरात के गांधीनगर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीरा पटेल ने श्री बदरीनाथ धाम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान और श्री केदारनाथ धाम के दर्शन के दौरान उत्तराखंड सरकार तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रेषित अपने आभार पत्र में महापौर ने बताया कि 6 से 8 सितंबर, 2026 तक उनके परिवार द्वारा श्री बदरीनाथ धाम में तीन दिवसीय ‘श्री महाविष्णु यज्ञ’ का भव्य और दिव्य अनुष्ठान सफलतापूपर्वक संपन्न हुआ। इसके बाद, गुजरात से आए 188 श्रद्धालुओं के दल ने श्री केदारनाथ धाम के भी पावन दर्शन किए।
’अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का जीवंत उदाहरण
श्रीमती मीरा पटेल ने उल्लेख किया कि उनके दल में कई वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट और सुदृढ़ व्यवस्थाओं के कारण इतनी बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं को दोनों पवित्र धामों में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह पूरा अनुभव उत्तराखंड की ‘अतिथि देवो भवः’ की प्राचीन परंपरा का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
महापौर ने देवभूमि में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की तथा भगवान बदरी-केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की।
