दिशा सालियान केस CBI को ट्रांसफर होने पर सियासत तेज, आदित्य ठाकरे बोले- BJP मुझे बदनाम करने की कोशिश करती रही
दिशा सालियान केस CBI को ट्रांसफर होने पर सियासत तेज, आदित्य ठाकरे बोले- BJP मुझे बदनाम करने की कोशिश करती रही
बॉलीवुड अभिनेता दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। बॉम्बे हाईकोर्ट के केस CBI को सौंपे जाने के फैसले के बाद शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लंबे समय से उन्हें बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
आदित्य ठाकरे बोले- मेरा मामले से कोई लेना-देना नहीं
CBI जांच को लेकर सवाल पूछे जाने पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि इस मामले से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्होंने इस विषय के बारे में सोचा तक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब किसी मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है तो वह उस पर प्रतिक्रिया क्यों दें।
ठाकरे ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने वर्षों तक राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश की और इसी तरह पिछले छह वर्षों से उन्हें भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग BJP को परेशान करते हैं, उनके साथ पार्टी समस्या पैदा करती है।
राम कदम ने ठाकरे पर किया पलटवार
BJP नेता राम कदम ने आदित्य ठाकरे के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ठाकरे का मामले से कोई संबंध नहीं है तो तत्कालीन ठाकरे सरकार इस मामले को खत्म करने के प्रयास क्यों कर रही थी और वह आखिर किसे बचाना चाहती थी।
राम कदम ने कहा कि आदित्य ठाकरे का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच एजेंसी की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
सबूतों को लेकर भी उठाए सवाल
राम कदम ने आरोप लगाया कि दिशा सालियान मामले में कई महत्वपूर्ण सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में पुलिस जांच की दिशा और कथित तौर पर महत्वपूर्ण सबूतों के नष्ट होने को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूतों को लेकर उठे सवालों का जवाब जांच के जरिए ही सामने आना चाहिए। राम कदम ने कहा कि केवल किसी व्यक्ति के बयान से उसके मामले से जुड़े होने या न होने का फैसला नहीं किया जा सकता।
दिशा के परिवार को न्याय मिलने की मांग
राम कदम ने दिशा सालियान के परिवार के न्याय की मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि CBI जांच के बाद मामले से जुड़े सवालों के जवाब सामने आएंगे और सच्चाई स्पष्ट होगी।
