यूक्रेन पर रूस का बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला, 12 की मौत; एक भारतीय नागरिक ने भी गंवाई जान
यूक्रेन पर रूस का बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला, 12 की मौत; एक भारतीय नागरिक ने भी गंवाई जान
कीव: यूक्रेन को सोमवार शाम रूस के घातक जेट-इंजन ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की एक और भीषण लहर का सामना करना पड़ा। इन हमलों में सामान्य नागरिक बुनियादी ढांचों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया, जिससे कुल 12 लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
कीव और ओडेसा में भारी तबाही, 350 बचावकर्मी तैनात
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि हमलों के बाद से ही राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। केवल कीव और उसके आसपास के इलाकों में ही लगभग 350 बचावकर्मी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
बोरिस्पिल: यहां एक पांच मंजिला आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गई, जहां से 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। शहर में हमलों के कारण 4 लोगों की मौत हुई और 13 अन्य घायल हो गए।
कीव रेलवे डिपो: कीव स्थित एक रेलवे डिपो पर हुए हमले में 7 लोगों की जान चली गई।
ओडेसा और सीमावर्ती इलाके: ओडेसा में हवाई बमों और ड्रोन हमलों के कारण हजारों घरों की बिजली गुल हो गई। इसके अलावा, रोमानिया सीमा पर स्थित एक सीमा चौकी और निर्यात से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
इसके अलावा खेरसॉन, दोनेत्स्क, जापोरिज्जिया, खार्किव, चेर्निहाइव, जाइटॉमिर, सुमी और निप्रो क्षेत्रों में भी रूसी हमलों से भारी नुकसान हुआ है।
जेलेंस्की ने दुनिया से मांगी और अधिक एयर डिफेंस मदद
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस अपने हमलों की योजना इस तरह बनाता है ताकि आम नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि रूसी हमलों में हताहतों की संख्या सीधे तौर पर इस बात पर निर्भर करती है कि यूक्रेन को कितनी एयर डिफेंस (हवाई रक्षा) सहायता मिलती है।
उन्होंने ‘पर्ल’ और द्विपक्षीय समझौतों के जरिए बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा में मदद कर रहे सहयोगी देशों का आभार जताया और आगामी शरद ऋतु में इस सहायता को और बढ़ाने की अपील की।
