रश्मिका मंदाना की एक्शन-थ्रिलर ‘मायसा’ की रिलीज डेट का ऐलान, 27 नवंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
रश्मिका मंदाना की एक्शन-थ्रिलर ‘मायसा’ की रिलीज डेट का ऐलान, 27 नवंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
मुंबई: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘मायसा’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक घोषणा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठा दिया है। निर्देशक रवींद्र पुल्ले के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
निडर आदिवासी गोंड लड़की के रूप में दिखेंगी रश्मिका
फिल्म ‘मायसा’ में रश्मिका एक आदिवासी गोंड लड़की का मुख्य किरदार निभा रही हैं, जो एक तरफ बेहद भावनात्मक है, तो दूसरी तरफ काफी निडर और मजबूत नजर आती है। प्रोडक्शन हाउस ‘अनफॉर्मुला फिल्म्स’ ने पोस्टर जारी करते हुए लिखा, “कुदरत से मजबूत, अपनी पसंद से निडर और जज्बे से अटूट। रश्मिका मंदाना के साथ ‘मायसा’ की अनोखी दुनिया का अनुभव करने के लिए तैयार हो जाइए।”
अंडरवॉटर सीक्वेंस और 8 घंटे की कठिन स्टंट ट्रेनिंग
फिल्म को लेकर लगातार दिलचस्प जानकारियां सामने आ रही हैं। हाल ही में टीम ने रश्मिका के साथ एक बेहद मुश्किल और खास अंडरवॉटर सीक्वेंस की शूटिंग पूरी की है, जिसकी पुष्टि प्रोड्यूसर अजय साइपुरेड्डी ने की। इससे पहले केरल में फिल्म का एक लंबा शेड्यूल पूरा किया गया था।
अपने इस एक्शन किरदार में ढलने के लिए रश्मिका ने बैंकॉक (थाईलैंड) में रोजाना 8 घंटे से ज्यादा समय तक कड़ा अभ्यास किया, जिसमें कॉम्बैट फाइट और स्पेशल स्टंट्स की ट्रेनिंग शामिल थी।
दिग्गज स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में रश्मिका मंदाना के अलावा ईश्वरी राव, गुरु सोमसुंदरम और राव रमेश जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन, थ्रिलर और भावनाओं का यह अनोखा मेल 27 नवंबर 2026 को दर्शकों के सामने होगा।
