शादी के 5 महीने बाद अलग हुए बादशाह और ईशा रिखी, पोस्ट शेयर कर की पुष्टि
शादी के 5 महीने बाद अलग हुए बादशाह और ईशा रिखी, पोस्ट शेयर कर की पुष्टि
मुंबई: मशहूर रैपर बादशाह और पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी ने शादी के महज 5 महीने बाद एक-दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया है। सोमवार को दोनों ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान (Joint Statement) जारी कर अपने रास्ते अलग होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी।
’आपसी सहमति से लिया फैसला’
बादशाह और ईशा रिखी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक जैसा नोट साझा करते हुए लिखा, “मैंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अलग होने और अपने-अपने रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। यह निर्णय हमने आपसी सम्मान के साथ लिया है। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि इस कठिन समय में हमारी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करें।”
कपल ने यह भी साफ किया कि इस विषय पर उनका यह एकमात्र आधिकारिक बयान है और किसी भी प्रकार की अटकलों या अफवाहों से बचा जाए।
मार्च 2026 में हुई थी सीक्रेट वेडिंग
बता दें कि चार साल के लंबे अफेयर के बाद बादशाह और ईशा ने मार्च 2026 में बेहद निजी समारोह में शादी रचाई थी। शादी के कुछ समय बाद ईशा की मां पूनम रिखी ने सोशल मीडिया पर इस शादी की तस्वीरें शेयर की थीं। गौरतलब है कि यह बादशाह की दूसरी शादी थी। इससे पहले 2020 में उनका अपनी पहली पत्नी जैसमीन मसीह से तलाक हो चुका था, जिनसे उनकी एक बेटी भी है।
’बिग बॉस 20′ की खबरों के बीच आया फैसला
दोनों के अलग होने की खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब ईशा रिखी के सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में बतौर कंटेस्टेंट शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं।
पंजाबी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री ईशा रिखी ‘जट्ट बॉयज पुत्त जट्टां दे’, ‘अरदास’ और ‘हैप्पी गो लकी’ जैसी हिट फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘नवाबजादे’ से बॉलीवुड में कदम रखा था।
