‘बिग बॉस 18’ में नजर आएंगी ईशा रिखी; कहा- ‘मां के लिए जीतनी है ट्रॉफी, दिखावे से दूर खेलूंगी असली गेम’
‘बिग बॉस 18’ में नजर आएंगी ईशा रिखी; कहा- ‘मां के लिए जीतनी है ट्रॉफी, दिखावे से दूर खेलूंगी असली गेम’
मुंबई: लोकप्रिय अभिनेत्री ईशा रिखी जल्द ही रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18′ में अपना जलवा बिखेरती नजर आएंगी। शो में शामिल होने से पहले आईएएनएस (IANS) के साथ बातचीत में ईशा ने अपनी तैयारियों, रणनीति और शो में आने के मुख्य मकसद के बारे में खुलकर बात की।
’लोग जानें कि असली ईशा रिखी कौन हैं’
ईशा रिखी ने बताया कि दर्शक अब तक उन्हें केवल एक अभिनेत्री के रूप में जानते हैं, लेकिन इस प्लेटफॉर्म के जरिए वह अपनी असली पर्सनैलिटी को दुनिया के सामने लाना चाहती हैं। ईशा ने कहा, “मैं चाहती हूं कि लोग मेरी पर्सनैलिटी के अलग-अलग शेड्स देखें। मैं शो में पूरी तरह से रियल रहूंगी क्योंकि मुझे दिखावा पसंद नहीं है। मैं ईमानदारी से गेम खेलकर ट्रॉफी जीतना चाहती हूं।”
मां के लिए जीतना चाहती हैं ट्रॉफी
ईशा ने खुलासा किया कि उनके इस शो में आने की मुख्य वजह उनकी मां हैं। उन्होंने कहा, “मैं एक इमोशनल इंसान हूं और कई बार दोस्तों के लिए ज्यादा स्टैंड ले लेती हूं, लेकिन इस बार मेरा पूरा फोकस सिर्फ ट्रॉफी पर है। मैं यह शो अपनी मां के लिए जीतना चाहती हूं और ट्रॉफी मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”
चैलेंज और एक्स-पार्टनर्स के मुद्दे पर कही यह बात
शो में पब्लिक जजमेंट को सबसे बड़ा चैलेंज मानते हुए ईशा ने कहा कि वह परिस्थितियों के हिसाब से रिएक्ट करेंगी—जहां शांति से काम चलेगा वहां शांत रहेंगी और जरूरत पड़ने पर सख्ती भी दिखाएंगी। जब उनसे पूछा गया कि अगर मेकर्स घर में उनके किसी एक्स-पार्टनर की एंट्री कराते हैं, तो उनका क्या रिएक्शन होगा? इस पर बेबाकी से जवाब देते हुए ईशा ने कहा, “जो भी होगा, देखा जाएगा। मैंने इसके लिए कोई प्री-प्लानिंग नहीं की है।”
