हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में केस
हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में केस
हल्द्वानी: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। हल्द्वानी कोतवाली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर SC/ST एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह FIR अमित कुमार नामक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने खुद को अनुसूचित जाति (वाल्मीकि) समुदाय का सदस्य और श्रीराम सेना से जुड़ा बताया है।
राहुल गांधी पर बयान से भावनाएं आहत करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए सफाई और धार्मिक अनुष्ठान को जातिगत रंग दिया और इसे ‘छुआछूत’ से जोड़ते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में कहा गया है कि राहुल गांधी के इस बयान के बाद शिकायतकर्ता को सार्वजनिक रूप से ‘दलित विरोधी’, ‘जातिवादी’ और ‘छुआछूत करने वाला’ बताया गया, जिससे उन्हें कथित तौर पर सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी ने उठाया था ‘शुद्धिकरण’ का मुद्दा
दरअसल, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ पर सवाल उठाया था। उन्होंने इसे छुआछूत से जोड़ते हुए मामले में FIR दर्ज करने की मांग की थी।
इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी।
धार्मिक आस्था बनाम जातिगत भेदभाव का विवाद
अब FIR दर्ज होने के बाद मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस इस घटना को दलितों के अपमान और छुआछूत से जोड़ रही है, जबकि शिकायतकर्ता और बीजेपी पक्ष इसे धार्मिक आस्था और स्थल की सफाई से जुड़ा विषय बता रहे हैं।
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में राहुल गांधी के बयान, शिकायत में लगाए गए आरोप और हल्द्वानी में हुए पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
