उत्तराखंड

‘मन की बात’ से राष्ट्र निर्माण को नई ऊर्जा, सीएम धामी बोले- नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

‘मन की बात’ से राष्ट्र निर्माण को नई ऊर्जा, सीएम धामी बोले- नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रयासों को राष्ट्रीय मंच देता है।

‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ का संदेश

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ, सकारात्मक तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।

इतिहास और विरासत से जुड़ने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ उनके भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।

‘मन की बात’ से आम लोगों को मिल रही पहचान

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं।

इससे समाज के अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

युवाओं से नशा मुक्त भारत बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक सोच के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *