LJP (रामविलास) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान, चिराग ने युवाओं और नए चेहरों पर जताया भरोसा
LJP (रामविलास) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान, चिराग ने युवाओं और नए चेहरों पर जताया भरोसा
नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार, 26 अगस्त 2026 को पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। आगामी दिनों में प्रस्तावित आठ राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। नई टीम के जरिए पार्टी ने राज्यों में चुनावी तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया है।
सुरेंद्र विवेक बने बिहार प्रदेश अध्यक्ष
नई कार्यकारिणी में कई नए चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। सुरेंद्र विवेक को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, राजू तिवारी को राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई है।
शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ की कमान
पार्टी की सांसद शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, MLC अशरफ अंसारी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा विधायक और सांसदों को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है। धीरेंद्र कुमार मुन्ना को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
युवाओं और महिलाओं को मिली अहम भूमिका
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पार्टी नेतृत्व ने उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है, जिन्होंने संगठन के लिए जमीनी स्तर पर काम किया है। नई टीम में युवाओं और महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी का मानना है कि इससे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
चिराग पासवान बोले- पद नहीं, जिम्मेदारी है
चिराग पासवान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में मिला पद केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्देश दिया।
पार्टी के एक्स हैंडल से जारी संदेश में कहा गया कि नई टीम संगठन को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने के साथ-साथ रामविलास पासवान के विचारों और चिराग पासवान के विजन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
ओडिशा और मध्य यूपी में भी नियुक्तियां
इससे पहले मंगलवार को पार्टी ने जितेंद्र कुमार गुप्ता को एलजेपी (रामविलास) का ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। वहीं राजीव पासी को मध्य उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया था।
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
