अन्तर्राष्ट्रीय

PIMS अस्पताल में आग से 15 नवजातों की मौत, पाकिस्तान के स्वास्थ्य सचिव निलंबित; शहबाज शरीफ ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

PIMS अस्पताल में आग से 15 नवजातों की मौत, पाकिस्तान के स्वास्थ्य सचिव निलंबित; शहबाज शरीफ ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) की नवजात शिशु इकाई में लगी भीषण आग में 15 नवजात बच्चों की मौत के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सख्त कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघीय स्वास्थ्य सचिव असलम घौरी को उनके पद से निलंबित कर दिया है।

16 नवजातों में सिर्फ एक को बचाया जा सका

हादसा बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे PIMS के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय नर्सरी में कुल 16 नवजात बच्चे भर्ती थे। बचाव अभियान के दौरान सिर्फ एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका, जबकि 15 बच्चों की मौत हो गई।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका है। इसके बाद नर्सरी में धुआं तेजी से फैल गया और आग ने वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया।

छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं

आग की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने छह फायर ब्रिगेड गाड़ियां और चार एंबुलेंस तैनात कीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझाने के बाद भी मौके पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके।

प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य सचिव को किया निलंबित

हादसे के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और अधिकारियों पर नाराजगी जताई। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए संघीय स्वास्थ्य सचिव असलम घौरी को निलंबित कर दिया।

प्रधानमंत्री ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के लिए एक समिति भी गठित की है। पूर्व गृह सचिव शाहिद खान को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में स्थापना सचिव डॉ. बैरिस्टर नबील अवान भी शामिल हैं।

‘जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई हो’

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृत बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ हुई ऐसी त्रासदी की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

उन्होंने अधिकारियों को हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, खासकर नवजात शिशुओं के वार्ड में आपातकालीन इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच समिति अब यह भी देखेगी कि आग किन परिस्थितियों में लगी और बचाव अभियान के दौरान क्या व्यवस्थाएं मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *