खेल

यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर ICC की कार्रवाई, मैच फीस का 25% जुर्माना

यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर ICC की कार्रवाई, मैच फीस का 25% जुर्माना

कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन हुई तीखी नोकझोंक के मामले में आईसीसी ने यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर कार्रवाई की है। दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही दोनों के खाते में एक-एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है।

क्या हुआ था मैदान पर?

पहले दिन यशस्वी जायसवाल 45 रन बनाकर असिथा फर्नांडो की गेंद पर बोल्ड हुए थे। विकेट लेने के बाद असिथा ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया और यशस्वी की ओर कुछ कहा।

पवेलियन की तरफ लौट रहे यशस्वी इसके बाद अचानक पीछे मुड़े और असिथा के करीब पहुंच गए। दोनों के बीच बहस बढ़ी और यशस्वी का हेलमेट असिथा से टकराया। स्थिति बिगड़ती देख श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच में आकर यशस्वी को वहां से हटाया।

ICC के किस नियम के तहत मिली सजा?

आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों को कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन करने का दोषी माना। यह नियम किसी खिलाड़ी, मैच अधिकारी, सपोर्ट स्टाफ या अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।

दोनों खिलाड़ियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को स्वीकार किया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

बल्लेबाजी में भी नहीं चला यशस्वी का बल्ला

दूसरे टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी ने 45 रन बनाए, लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। उन्हें असिथा फर्नांडो ने क्लीन बोल्ड किया।

पहले टेस्ट में भी यशस्वी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने पहली पारी में 32 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में वह खाता भी नहीं खोल सके थे।

भारत मजबूत स्थिति में

कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन टी-ब्रेक तक भारत ने 8 विकेट पर 475 रन बना लिए हैं। ध्रुव जुरेल शानदार बल्लेबाजी करते हुए 95 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारतीय टीम अब 500 रन का आंकड़ा पार कर श्रीलंका पर बड़ा दबाव बनाने की कोशिश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *