इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद फिर जेल भेजा गया, सरकार ने बताया फिट
इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद फिर जेल भेजा गया, सरकार ने बताया फिट
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की मेडिकल जांच को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सरकार ने बड़ा अपडेट दिया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के मुताबिक, इमरान खान की डॉक्टरों की एक टीम ने जांच की और उन्हें मेडिकल तौर पर फिट पाया गया। जांच के दौरान उनकी बहन उज्मा खान भी मौजूद थीं।
सरकार के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इमरान खान को 20 और 21 अगस्त की दरम्यानी रात कड़ी सुरक्षा के बीच मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, उन्हें निजी शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाने के बजाय पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) में जांच के लिए ले जाया गया।
PIMS में हुई जांच
अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इमरान की जांच में नेत्र रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ और फिजिशियन समेत विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम शामिल थी। उन्होंने दावा किया कि सभी जरूरी जांच के बाद डॉक्टरों ने इमरान को स्वस्थ और मेडिकल तौर पर फिट घोषित किया।
मंत्री के मुताबिक, इस मेडिकल प्रक्रिया के पूरा होने के बाद इमरान खान को 21 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे वापस अदियाला जेल भेज दिया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि PIMS में हुई जांच के दौरान अल-शिफा अस्पताल के डॉक्टर भी मौजूद थे।
शिफा अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया?
मामले में एक अहम बात यह सामने आई कि सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की मेडिकल जांच शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में कराने का निर्देश दिया था। लेकिन सरकार का कहना है कि अस्पताल के रास्ते और आसपास PTI समर्थकों की मौजूदगी से पैदा हुई सुरक्षा स्थिति को देखते हुए उन्हें PIMS ले जाने का फैसला किया गया।
इमरान की मेडिकल जांच को लेकर शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल के आसपास पहले से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, अस्पताल और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था अस्पताल ले जाने का आदेश
इमरान खान की सेहत और उनके इलाज को लेकर परिवार तथा PTI की ओर से चिंता जताई जाती रही है। इसी सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की अनुमति देने की मांग को लेकर याचिकाएं दाखिल हुई थीं।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने सरकार को इमरान खान को दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद उनके मेडिकल चेकअप की तैयारी तेज कर दी गई थी।
लंबे समय से जेल में हैं इमरान
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। वह तोशाखाना मामले और 190 मिलियन पाउंड से जुड़े अल-कादिर ट्रस्ट मामले समेत कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं। जेल में रहने के दौरान उनकी सेहत को लेकर PTI और उनके परिवार की ओर से कई बार चिंता जताई गई है।
फिलहाल सरकार का दावा है कि ताजा मेडिकल जांच में इमरान खान को फिट पाया गया है और जांच पूरी होने के बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है।
