उत्तराखंड

ऋषिकेश में उफनती बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने दो लोगों को बचाया

ऋषिकेश में उफनती बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, SDRF ने दो लोगों को बचाया

ऋषिकेश: उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऋषिकेश में उफनती बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में फंसे दो लोगों को SDRF की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

रात में मिली हादसे की सूचना

पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन पलट गया है और उसमें लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचते ही जवानों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव के बीच टीम ने वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर ही फंसा रहा।

तेज बहाव के बीच दूसरी टीम ने संभाला मोर्चा

लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के कारण वाहन अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक बह गया। स्थिति को देखते हुए SDRF की अतिरिक्त टीम को मौके पर बुलाया गया। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में दूसरी टीम ने पहुंचकर पहले दल के साथ समन्वय किया।

इसके बाद जवानों ने जोखिम भरी परिस्थितियों में वाहन तक पहुंच बनाई और दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को रेस्क्यू के बाद अस्पताल भेज दिया गया।

SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के मुताबिक, मैक्स वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था। चालक ने उफनती बीन नदी में वाहन उतार दिया, जिसके बाद वाहन तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गया।

देहरादून में छह छात्र भी जंगल में फंसे

भारी बारिश के बीच देहरादून में भी SDRF ने छह छात्रों का सफल रेस्क्यू किया। 17 अगस्त को UPES के छह छात्र थान गांव की मिसरास पट्टी स्थित स्वारना नदी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे थे।

वापसी के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। नदी का बहाव बढ़ने के कारण छात्रों के लिए वापस लौटना मुश्किल हो गया और वे जंगल में फंस गए।

सूचना मिलते ही SDRF डाकपत्थर की टीम मौके के लिए रवाना हुई। जवानों ने दुर्गम रास्तों और खराब मौसम के बीच करीब 6 किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर छात्रों तक पहुंच बनाई और सभी छह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

SDRF ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

रेस्क्यू किए गए सभी छात्रों की स्थिति सामान्य बताई गई है। SDRF ने बारिश के मौसम को देखते हुए पर्यटकों और छात्रों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

SDRF अधिकारियों ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है। इसलिए ट्रैकिंग या यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखें और तेज बारिश के दौरान नदी-नालों के पास जाने से पूरी तरह बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *