स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के परिजनों से मिले CM धामी
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के परिजनों से मिले CM धामी
देहरादून: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों के परिजनों के सम्मान की कड़ी में देहरादून के भाऊवाला स्थित शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता नागेंद्र प्रसाद अणथ्वाल समेत परिवार के अन्य सदस्यों का हालचाल जाना और शहीद को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए परिजनों को सम्मानित किया।
बोले- शहीद परिवारों का सम्मान पूरे राष्ट्र का सम्मान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करने का भी पावन दिन है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना रखती है तथा उनके साथ हमेशा खड़ी है। शहीद परिवारों का सम्मान पूरे समाज और राष्ट्र का सम्मान है।
2020 में कुपवाड़ा में दिया सर्वोच्च बलिदान
पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम क्वाला निवासी अमित कुमार अणथ्वाल 9 दिसंबर 2011 को गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। बाद में उन्होंने 4 पैरा स्पेशल फोर्स में सेवाएं दीं और जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में तैनात रहे।
अप्रैल 2020 में केरन सेक्टर में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया। अभियान में उनके साथियों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया। इस कार्रवाई के दौरान अमित कुमार अणथ्वाल समेत पांच जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित
शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के साहस और वीरता को राष्ट्र ने सम्मानित करते हुए उन्हें सेना मेडल (मरणोपरांत) से अलंकृत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं और अमित कुमार अणथ्वाल का नाम भी हमेशा सम्मान और गर्व के साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शहीदों के बलिदान और वीरता की गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने तथा शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार काम करती रहेगी।
