Thursday, September 10, 2026
Latest:
उत्तराखंड

चमोली टनल हादसा: रेस्क्यू में तेजी के निर्देश, घायल श्रमिकों से मिले CM धामी

चमोली टनल हादसा: रेस्क्यू में तेजी के निर्देश, घायल श्रमिकों से मिले CM धामी

चमोली, 14 अगस्त 2026: उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को टनल में फंसे शेष तीन श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।

उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के काम की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा।

प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता

मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग देने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।

जिला अस्पताल पहुंचे CM धामी

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री धामी जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात की। उन्होंने श्रमिकों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी चिकित्सकों से ली।

मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

बोले- हर श्रमिक की जान बेहद कीमती

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है और उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल रेस्क्यू अभियान में किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि टनल में फंसे हर श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी बात की है।

हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के जरिए हादसे के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों का पूरा फोकस टनल में फंसे तीन श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *