Thursday, September 10, 2026
Latest:
उत्तराखंड

चमोली टनल हादसा: CM धामी ने लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा, 3 मजदूरों की तलाश जारी

चमोली टनल हादसा: CM धामी ने लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा, 3 मजदूरों की तलाश जारी

चमोली, 14 अगस्त 2026: उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति का जायजा लिया और रेस्क्यू टीमों से आवश्यक जानकारी ली।

3 किलोमीटर लंबी है टनल

यह हादसा टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में हुआ। करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया, जिसके बाद मजदूरों के फंसने की स्थिति बनी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में कुल 22 लोग फंसे थे, जिनमें से 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। वहीं, 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है।

CM धामी ने दिए जरूरी निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और उपलब्ध संसाधनों के साथ तकनीकी विशेषज्ञता का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं और अभियान पूरी सावधानी के साथ चलाया जाए।

घायलों का अस्पताल में इलाज

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के इलाज के साथ-साथ उनके परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

राहत-बचाव अभियान पर प्रशासन की नजर

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां टनल में फंसे तीन लोगों तक पहुंचने के लिए अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने बचाव दलों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *