अन्तर्राष्ट्रीय

होर्मुज स्ट्रेट से रोजाना 80-90 लाख बैरल तेल गुजर रहा: अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट

होर्मुज स्ट्रेट से रोजाना 80-90 लाख बैरल तेल गुजर रहा: अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट

वॉशिंगटन: अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आवाजाही को लेकर सामने आए उन दावों को खारिज किया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के साथ संघर्ष के बाद इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से तेल और जहाजों का आवागमन लगभग ठप हो गया है। राइट के मुताबिक, फिलहाल हर दिन करीब 80 लाख से 90 लाख बैरल कच्चा तेल होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजर रहा है।

ट्रांसपोंडर बंद होने से ट्रैकिंग में आ रही दिक्कत

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में राइट ने कहा कि सामान्य व्यावसायिक ट्रैकिंग सेवाएं होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की पूरी तस्वीर नहीं दिखा पा रही हैं। उनके मुताबिक, सुरक्षा कारणों से बड़ी संख्या में जहाजों ने अपने एआईएस और अन्य ट्रांसपोंडर बंद कर रखे हैं और सैन्य सुरक्षा के बीच आवाजाही कर रहे हैं।

राइट ने दावा किया कि अमेरिकी अधिकारी जहाजों के साथ सीधे संपर्क में हैं और उन्हें स्ट्रेट के उत्तरी तथा दक्षिणी मार्गों से गुजरने वाले यातायात की रोजाना जानकारी मिल रही है।

वाणिज्यिक आंकड़ों को बताया अधूरा

साक्षात्कार के दौरान केप्लर के आंकड़ों का भी जिक्र हुआ। कंपनी के मुताबिक, संघर्ष से पहले रोजाना 100 से ज्यादा जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार करते थे, जबकि हाल के दिनों में यह संख्या काफी कम दिखाई दी।

राइट ने इन आंकड़ों को अधूरा बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में जहाज ट्रैकिंग सिस्टम बंद करके यात्रा कर रहे हैं। इसलिए केवल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध ट्रैकिंग डेटा के आधार पर वास्तविक यातायात का अनुमान लगाना सही नहीं होगा।

पहले के मुकाबले तेल आपूर्ति में आई कमी

अमेरिकी ऊर्जा सचिव के मुताबिक, फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट के जरिए प्रतिदिन करीब 80-90 लाख बैरल तेल जा रहा है। इसके अलावा लगभग 60 लाख बैरल प्रतिदिन पाइपलाइनों के जरिए भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अरब खाड़ी क्षेत्र से फिलहाल कुल मिलाकर करीब 1.4-1.5 करोड़ बैरल तेल प्रतिदिन बाहर जा रहा है। संघर्ष से पहले यह मात्रा करीब 2 करोड़ बैरल प्रतिदिन थी। यानी आपूर्ति में लगभग 50-60 लाख बैरल प्रतिदिन की कमी आई है।

हालांकि, राइट ने कहा कि यह गिरावट उतनी बड़ी नहीं है, जितनी कई रिपोर्टों और अनुमानों से प्रतीत होती है।

होर्मुज पर ट्रंप के ‘पूरे नियंत्रण’ के दावे पर क्या बोले?

फॉक्स न्यूज के एंकर ब्रेट बेयर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को लेकर भी सवाल किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका का होर्मुज स्ट्रेट पर पूरा नियंत्रण है।

राइट ने सीधे तौर पर इस दावे की व्याख्या करने के बजाय कहा कि ईरान अभी भी पड़ोसी देशों और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए मुश्किलें पैदा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सुरक्षा अभियानों के विस्तार के साथ जहाजों की आवाजाही बाधित करने की ईरान की क्षमता कम हो रही है।

अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों पर भी बोले राइट

राइट ने अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कीमत फिलहाल करीब 4 डॉलर प्रति गैलन है और अमेरिकी प्रशासन इसे लगभग 3 डॉलर तक लाने का लक्ष्य रखता है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कीमतों में यह गिरावट कब तक देखने को मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कच्चे तेल की उपलब्धता से ज्यादा दबाव रिफाइनिंग क्षमता पर है। साथ ही, रूस की रिफाइनरियों पर यूक्रेनी हमलों को भी उन्होंने वैश्विक स्तर पर परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने और कीमतों में बढ़ोतरी का एक कारण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *