पाकिस्तान का फिर सामने आया ‘आतंकी चेहरा’: पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद ने खुद को बताया हाफिज सईद का ‘गुलाम’
पाकिस्तान का फिर सामने आया ‘आतंकी चेहरा’: पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद ने खुद को बताया हाफिज सईद का ‘गुलाम’
इस्लामाबाद: पाकिस्तान का आतंकवाद प्रेम एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो गया है। इमरान खान सरकार में पाकिस्तान के गृह मंत्री रहे शेख रशीद अहमद का एक बेहद शर्मनाक और भड़काऊ वीडियो सामने आया है, जिसमें वे खुले मंच से प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आका हाफिज सईद का गुणगान करते और खुद को उसका “गुलाम” बताते नजर आ रहे हैं।
आतंकियों के साथ साझा किया मंच, जताया गर्व
मंच पर मौजूद रहे लश्कर कमांडर: वायरल वीडियो में शेख रशीद को लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ कमांडर और पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के अध्यक्ष खालिद मसूद संधू तथा लश्कर केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य मुहम्मद याकूब शेख के साथ मंच साझा करते देखा जा सकता है।
”हाफिज साहब का गुलाम हूं”: कार्यक्रम के दौरान शेख रशीद ने बेशर्मी से कहा, “मैं हाफिज साहब का गुलाम हूं।”
अमेरिका से निकाले जाने का दावा: रशीद ने इस दौरान एक पुराना वाकया याद करते हुए दावा किया कि जब वे अमेरिका यात्रा पर थे, तब उनके फोन से हाफिज सईद का नंबर मिलने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर कर दिया गया था।
भारत के खिलाफ उगला जहर और दी खोखली धमकियां
भड़काऊ भाषण: पूर्व पाक गृह मंत्री ने सार्वजनिक मंच का इस्तेमाल भारत के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए किया। उन्होंने कहा कि यदि भारत ने पाकिस्तान की तरफ देखने की कोशिश की तो वह तबाह हो जाएगा।
सांप्रदायिक टिप्पणी: गीदड़ भभकी देते हुए रशीद ने भड़काऊ बातें कहीं और कहा कि ‘भारत में न तो कोई पक्षी चहचहाएगा और न ही मंदिरों में घंटियां बजेंगी।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि वे पूरी तरह से पाकिस्तान और हाफिज सईद के साथ खड़े हैं।
पाकिस्तान का दोहरा रवैया फिर उजागर
वर्ष 2020 से 2022 तक इमरान खान की सरकार में गृह मंत्री का अहम पद संभालने वाले और अवामी मुस्लिम लीग के संस्थापक शेख रशीद के इस कबूलनामे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पाकिस्तान में सरकार में बैठे शीर्ष प्रतिनिधि किस तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित घोषित आतंकवादियों और आतंकी संगठनों को खुला संरक्षण प्रदान करते हैं।
