नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हमला, आरोपी गिरफ्तार; पीएम मोदी ने जाना हाल
नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हमला, आरोपी गिरफ्तार; पीएम मोदी ने जाना हाल
नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार सुबह हमला किया गया। यह घटना तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर में माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुई। हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना में बादल और उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
कृपाण से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार
नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक रोहन नीलाभ के मुताबिक, आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर अपने पास मौजूद कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया।
हमले के दौरान सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने बादल को बचाने की कोशिश की, जिसमें उनके हाथ में भी चोट लगी। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, जसपाल सिंह पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में काम कर रहा था। हालांकि, उसने हमला क्यों किया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले के पीछे की वजह और किसी संभावित साजिश की जांच कर रही है।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए यशो साई अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके हाथ में चोट लगी है। पुलिस अधिकारी संतोष केंद्रे को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है। विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने हरसिमरत कौर से की बात
हमले की जानकारी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हरसिमरत कौर से फोन पर बातचीत की और सुखबीर बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फडणवीस ने पुलिस से मांगी पूरी जानकारी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने और पूरे मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने भी नांदेड़ एसपी से सीधे बात कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और घटना में किसी तरह की सुरक्षा चूक की भी जांच करने को कहा।
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है। उन्होंने कहा कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हमले से पहले परिवार के साथ गुरुद्वारे पहुंचे थे बादल
हमले से कुछ समय पहले सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में परिवार के साथ माथा टेकने की जानकारी साझा की थी। उन्होंने सभी की भलाई के लिए अरदास करने की बात कही थी।
फिलहाल नांदेड़ पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस हमले के मकसद, घटनाक्रम और संभावित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं पर है। पुलिस ने घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।
