भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साउथ अफ्रीका दौरे का नया शेड्यूल जारी, T20 सीरीज भी जुड़ी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साउथ अफ्रीका दौरे का नया शेड्यूल जारी, T20 सीरीज भी जुड़ी
जोहानसबर्ग: क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने 6 अगस्त 2026 को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे का संशोधित और नया शेड्यूल जारी कर दिया है। इस साल के अंत में आयोजित होने वाले इस दौरे में पहले केवल टेस्ट और वनडे मैच प्रस्तावित थे, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम में तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज को भी शामिल कर लिया गया है।
टी-20 मैचों का यह नया जुड़ाव दोनों टीमों को फरवरी 2027 में श्रीलंका में आयोजित होने वाली पहली ‘वुमेंस चैंपियंस ट्रॉफी’ की तैयारी का बेहतर मौका प्रदान करेगा।
दौरे का आगाज एकमात्र टेस्ट मैच से होगा
शुरुआती शेड्यूल के तहत भारतीय टीम का दौरा 9 दिसंबर से वनडे सीरीज के साथ शुरू होना था। हालांकि, नए शेड्यूल के अनुसार अब दौरे की शुरुआत 9 दिसंबर से 12 दिसंबर के बीच गकेबरहा (गबेहा) के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी। हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में 270 रनों की शानदार जीत हासिल की थी।
वनडे और टी-20 सीरीज का पूरा कार्यक्रम
टेस्ट मैच के समापन के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी:
एकमात्र टेस्ट: 9-12 दिसंबर (गकेबरहा)
पहला वनडे: 16 दिसंबर (पार्ल)
दूसरा वनडे: 19 दिसंबर (केपटाउन)
तीसरा वनडे: 22 दिसंबर (ब्लोमफोनटेन)
पहला टी-20 (बॉक्सिंग डे मुकाबला): 26 दिसंबर (बेनोनी)
दूसरा टी-20: 29 दिसंबर (पॉचेफस्ट्रूम)
तीसरा टी-20: 30 दिसंबर (पॉचेफस्ट्रूम)
शेड्यूल में बदलाव पर CSA के सीईओ का बयान
क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) फोलेत्सी मोसेकी ने कहा, “हमें भारतीय महिला टीम के साउथ अफ्रीका दौरे के संशोधित कार्यक्रम की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। त्योहारों के सीजन में तीन मैचों की टी-20 सीरीज जुड़ने से हमारी साउथ अफ्रीकी टीम को अगले साल श्रीलंका में होने वाली आईसीसी वुमेंस चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बेहतरीन तैयारी का अवसर मिलेगा।”
