उत्तराखंड: वोटर लिस्ट में खामियों को लेकर निर्वाचन आयोग पहुंची कांग्रेस; हरक सिंह और प्रीतम सिंह के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
उत्तराखंड: वोटर लिस्ट में खामियों को लेकर निर्वाचन आयोग पहुंची कांग्रेस; हरक सिंह और प्रीतम सिंह के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
देहरादून:
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में आ रही खामियों और अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को सचिवालय पहुंचा। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पहले चरण की त्रुटियों को दूर किए बिना ही दूसरा चरण शुरू कर दिया गया है, जिससे एसआईआर (SIR) प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुख्य बिंदु:
एक ही समय में दो अलग केंद्रों पर अधिकारियों की ड्यूटी: कांग्रेस ने आपत्ति जताई कि आपत्तियों और दावों की सुनवाई के लिए एक ही सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) की ड्यूटी एक ही समय या केवल 2 घंटे के अंतराल पर दो अलग-अलग दूरस्थ केंद्रों पर लगा दी गई है।
पहाड़ी क्षेत्रों की व्यावहारिक चुनौतियाँ: कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड के दूरस्थ और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में सीमित परिवहन और लंबी दूरी के कारण किसी अधिकारी के लिए एक समय में दो जगह मौजूद रहना असंभव है। इससे आम जनता और मतदाताओं के दावों व आपत्तियों के निष्पक्ष निस्तारण का अधिकार प्रभावित हो रहा है।
तर्कहीन मैपिंग और वोटर लिस्ट में विसंगतियां: प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर मतदान क्षेत्रों, केंद्रों और वोटरों की मैपिंग में भारी गड़बड़ियां हुई हैं, जो जमीनी हकीकत से परे हैं।
स्थानीय निवासियों के नामों पर आपत्तियां: चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि पर्वतीय जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय और स्थायी निवासियों के नामों पर बड़े पैमाने पर मनगढ़ंत आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
बीएलओ (BLO) को जानकारी न होने का आरोप
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जब पहले चरण में एसआईआर का कार्य शुरू हुआ था, तब जमीनी स्तर पर काम करने वाले बीएलओ (BLO) तक को पूरी प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इन सभी प्रशासनिक खामियों का तत्काल निस्तारण करने और निष्पक्षता से पुनरीक्षण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
