घायल पुलिसकर्मियों के सवाल पर भड़के राहुल गांधी, पूछा- ‘क्या आप बीजेपी से हो?’
घायल पुलिसकर्मियों के सवाल पर भड़के राहुल गांधी, पूछा- ‘क्या आप बीजेपी से हो?’
NEET पेपर लीक के विरोध में 20 जुलाई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘संसद चलो मार्च’ के दौरान हुई भीषण हिंसा का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ जहां घायल पुलिसकर्मियों के परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उस दिन के हिंसक मंजर की दर्दनाक सच्चाई सामने रखी, वहीं दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस मुद्दे पर पूछे गए मीडिया के सवाल पर बिफर पड़े।
पत्रकार के सवाल पर भड़के राहुल गांधी
शुक्रवार को जब पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के घायल जवानों और उनके परिजनों के बयानों से जुड़ा सवाल पूछा, तो राहुल गांधी सवाल का जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वाले पत्रकार पर ही भड़क गए।
’क्या आप बीजेपी से हो?’: राहुल गांधी ने पत्रकार से सीधा सवाल किया, “क्या आप बीजेपी से हो?” और इतना कहकर बिना कोई जवाब दिए आगे निकल गए।
पत्रकार का जवाब: घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सवाल पूछने वाला पत्रकार पीछे से यह कहते सुना जा सकता है कि राहुल गांधी हर बार उन पर बीजेपी का होने का आरोप लगा देते हैं और असली सवालों का जवाब दिए बिना चले जाते हैं।
घायल जवानों के परिजनों ने दिखाया घटना का ‘दूसरा पहलू’
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों ने कहा कि 20 जुलाई के बाद से एकतरफा नैरेटिव चलाया जा रहा है कि पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जबकि पूरा सच कुछ और ही है।
वर्दी पर खून और सिर में 4 टांके: एक घायल सब-इंस्पेक्टर के बेटे ने बताया, “मेरे पिता का इलाज अस्पताल में चल रहा था और उनकी वर्दी खून से लथपथ थी। उनके सिर में 4 टांके लगे थे, लेकिन फिर भी वे हमें ढांढस बंधा रहे थे। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उन्हीं को क्रिमिनल साबित करने की कोशिश की जा रही है।”
टूटा हुआ हेलमेट और जानलेवा पथराव: दिल्ली पुलिस के घायल एएसआई (ASI) की पत्नी सीमा ने आपबीती बताते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर भीड़ में उग्र और शरारती तत्व शामिल हो गए थे। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर भारी गमलों, पत्थरों और जूतों से हमला किया। उन्होंने कहा, “मेरे पति की ड्यूटी पर दिया गया हेलमेट पत्थर लगने से पूरी तरह टूट गया था। अगर वह पत्थर सीधे सिर पर लग जाता, तो वे आज दुनिया में नहीं होते।”
20 जुलाई को जंतर-मंतर पर क्या हुआ था?
गौरतलब है कि 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने बिना पुलिस अनुमति के ‘संसद मार्च’ का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारियों द्वारा संसद भवन की सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ने के बाद हिंसा भड़क गई थी।
इस हिंसक झड़प में 5 आईपीएस (IPS) अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों समेत कुल 180 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि पथराव व लाठीचार्ज की इस घटना में लगभग 60 प्रदर्शनकारी भी जख्मी हुए थे।
