नेपाल: भारत-नेपाल सीमा पर सांप्रदायिक तनाव बढ़ा, सुनसरी और सिराहा में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
नेपाल: भारत-नेपाल सीमा पर सांप्रदायिक तनाव बढ़ा, सुनसरी और सिराहा में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
काठमांडू:
भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के दक्षिणी मैदानी इलाकों में भड़की सांप्रदायिक हिंसा ने अब उग्र रूप ले लिया है। पिछले चार दिनों से देश के विभिन्न शहरों में हिंसा, आगजनी, पथराव और झड़पों का सिलसिला जारी है। सुनसरी जिले के कप्तानगंज और दीवानगंज क्षेत्रों में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक मुठभेड़ के बाद हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि प्रशासन को सुनसरी और पड़ोसी जिले सिराहा के कई इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू करना पड़ा है।
सुनसरी के सहायक मुख्य जिला अधिकारी चेतराज बराल ने कर्फ्यू की पुष्टि करते हुए बताया कि शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
नेपाल सेना ने संभाला मोर्चा, हेलिकॉप्टर से रखी जा रही नजर
हिंसा की इस लहर में अब तक कम से कम तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों नागरिक, प्रदर्शनकारी और सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने कई दुकानों, सरकारी संपत्तियों और वाहनों में आग लगा दी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेपाल सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सेना को तैनात कर दिया है। संवेदनशीलता को देखते हुए अब हेलिकॉप्टरों के जरिए भी इलाके की हवाई निगरानी की जा रही है।
राष्ट्रपति की सौहार्द बनाए रखने की अपील
देश में तेजी से बिगड़ते माहौल को देखते हुए नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने देशवासियों से शांति की अपील करते हुए कहा कि नेपाल की सदियों पुरानी सामाजिक, धार्मिक और जातीय सहिष्णुता तथा आपसी भाईचारे को कायम रखा जाए। राष्ट्रपति ने सभी पक्षों से राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का आग्रह किया है।
भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, जोगबनी बॉर्डर पर कड़ाई
नेपाल के भारत से लगे सीमावर्ती इलाकों में हिंसा फैलने के कारण सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बिहार से सटे जोगबनी मुख्य सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हिंसा को सीमा पार फैलने से रोकने और अवांछित तत्वों के प्रवेश को बाधित करने के उद्देश्य से पहचान पत्र की जांच अनिवार्य कर दी गई है। बिना वैध पहचान पत्र के भारत की तरफ से किसी को भी नेपाल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
प्रशासन फिलहाल पूरे क्षेत्र पर पैनी नजर बनाए हुए है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
