लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर तीखी नोकझोंक: जंतर-मंतर पर ‘गोली चलाने के आदेश’ के आरोप पर घिरे राहुल गांधी, किरेन रिजिजू ने की माफी की मांग
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर तीखी नोकझोंक: जंतर-मंतर पर ‘गोली चलाने के आदेश’ के आरोप पर घिरे राहुल गांधी, किरेन रिजिजू ने की माफी की मांग
नई दिल्ली:
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान उस समय भारी हंगामा और नोकझोंक देखने को मिली, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान दावा किया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलाने के लिए अधिकृत किया गया था और इसके आदेश दिए गए थे। उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया और पूरे सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया।
किरेन रिजिजू का पलटवार और सबूत पेश करने की चुनौती:
राहुल गांधी के बयान पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तीखा पलटवार किया। रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी को पूरी गंभीरता से बोलना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती दी कि वे अपने इस गंभीर आरोप के समर्थन में आधिकारिक कागजात या तथ्य सदन के पटल पर रखें। रिजिजू ने कहा, “आप बिना किसी आधार के इतना बड़ा और झूठा आरोप कैसे लगा सकते हैं? किस तर्क और तथ्य के आधार पर यह बयान दिया गया है, सदन को बताया जाए।”
माफी और शब्द वापस लेने की मांग:
संसदीय कार्य मंत्री ने राहुल गांधी के आरोपों को निराधार और बेहद गंभीर बताते हुए उनसे तुरंत माफी मांगने या खेद व्यक्त करते हुए अपने शब्द वापस लेने की मांग की। रिजिजू ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष इस मामले में किसी निष्पक्ष जांच की मांग करते तो बात समझ में आती, लेकिन सीधे तौर पर ऐसा झूठा आरोप लगाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से इस बयान को सदन की आधिकारिक कार्यवाही से हटाने (expunge) का भी आग्रह किया।
