राम मंदिर दान मामले पर सपा का संसद में जोरदार प्रदर्शन: डिंपल यादव ने थमा चंदा बॉक्स, अखिलेश बोले- ‘जो दान नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक क्या रोकेंगे
राम मंदिर दान मामले पर सपा का संसद में जोरदार प्रदर्शन: डिंपल यादव ने थमा चंदा बॉक्स, अखिलेश बोले- ‘जो दान नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक क्या रोकेंगे‘
नई दिल्ली:
राम मंदिर दान मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों ने बुधवार को संसद परिसर में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा सांसद हाथ में ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारों वाली तख्तियां लिए नजर आए। प्रदर्शन के दौरान मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव हाथ में टीन का एक बॉक्स थामे दिखीं, जिसमें पार्टी के अन्य सांसद प्रतीकात्मक रूप से रुपये डालते नजर आए।
बीजेपी और सीएम योगी पर बोला हमला:
मीडिया से बातचीत करते हुए डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि देश-दुनिया के श्रद्धालुओं ने भगवान राम के चरणों में अपनी श्रद्धा से दान दिया था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी और उनके सहयोगियों ने इस चंदे में हेराफेरी की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अयोध्या जाते रहे हैं, ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी उनकी भी बनती है। राम मंदिर दान मामले में गठित एसआईटी (SIT) जांच पर सवाल उठाते हुए उन्होंने इसे महज एक ‘खानापूर्ति’ करार दिया और कहा कि पहले भी जमीनों की खरीद-फरोख्त में भारी अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं।
अखिलेश यादव ने आस्था और पेपर लीक पर घेरा:
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल पैसे का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “जो दान-पात्र और श्रद्धा से चढ़े चढ़ावे को नहीं बचा पाए, उनसे आप क्या उम्मीद करेंगे कि वे पेपर लीक रोक पाएंगे या परीक्षाएं रद्द होने से बचाएंगे?” उन्होंने दावा किया कि दान में मिली रकम का सही हिसाब-किताब नहीं दिया गया है और यह गड़बड़ी केवल हालिया दिनों की नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाने की बात कही।
