आरक्षण पर फर्जी बयान के दावों को शिल्पा शेट्टी ने बताया निराधार, अफवाहों से बचने की दी सलाह
आरक्षण पर फर्जी बयान के दावों को शिल्पा शेट्टी ने बताया निराधार, अफवाहों से बचने की दी सलाह
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे बयानों का खंडन करते हुए उन्हें पूरी तरह फर्जी और निराधार करार दिया है। अभिनेत्री ने मंगलवार को एक नोट जारी कर प्रशंसकों और जनता से ऐसी भ्रामक खबरों पर विश्वास न करने की अपील की।
”मेरे नाम से फैलाया जा रहा बयान पूरी तरह झूठा”: शिल्पा शेट्टी
अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक नोट साझा करते हुए लिखा, “मेरे नाम से जोड़कर आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे झूठे बयानों को देखकर मैं हैरान हूँ। यह पूरी तरह से फर्जी, दुर्भावनापूर्ण और झूठी खबर है। कृपया इस नकली खबर पर बिल्कुल भरोसा न करें।”
क्या था सोशल मीडिया पर वायरल दावा?
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में सोशल मीडिया पर ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ (RHA) नामक एक डिजिटल अभियान शुरू हुआ था। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया था कि शिल्पा शेट्टी ने जाति-आधारित आरक्षण के खिलाफ बयान दिया है। वायरल पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अभिनेत्री ने सामान्य वर्ग और अन्य जातियों के डॉक्टरों द्वारा केवल अपनी-अपनी वर्ग के मरीजों का इलाज करने जैसी बातें कही हैं।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस कथित पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई थी, जहाँ कई यूज़र्स ने अभिनेत्री को ट्रोल करना शुरू कर दिया था। हालांकि, शिल्पा शेट्टी के आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद अब यह साफ हो गया है कि उक्त वायरल बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत था।
बता दें कि ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ मुख्य रूप से इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर युवाओं द्वारा चलाया जा रहा एक गैर-राजनीतिक डिजिटल अभियान है।
