IFFM 2026: मेलबर्न में रेखा को मिलेगा ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान, फहराएंगी तिरंगा
IFFM 2026: मेलबर्न में रेखा को मिलेगा ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान, फहराएंगी तिरंगा
मेलबर्न: भारतीय सिनेमा की सदाबहार अभिनेत्री रेखा को ‘इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न’ (IFFM) 2026 में सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। इस फेस्टिवल में उनकी क्लासिक फिल्म ‘उमराव जान’ का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो महान गायिका आशा भोसले को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि होगी।
”उमराव जान ने मुझे कभी नहीं छोड़ा”: रेखा
इस विशेष सम्मान पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए रेखा ने कहा, “उमराव जान ने मुझे कभी नहीं छोड़ा। वह मेरी यादों, खामोशियों और दर्शकों के प्यार में आज भी जिंदा है। सिनेमा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है। मैं इस सम्मान को अपने सभी निर्देशकों, लेखकों, संगीतकारों और सहयोगियों को समर्पित करती हूँ।”
15 अगस्त को मेलबर्न में फहराएंगी भारतीय तिरंगा
फेस्टिवल की वार्षिक परंपरा के तहत रेखा भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को मेलबर्न में भारतीय राष्ट्रध्वज फहराएंगी। इस समारोह में भारतीय समुदाय के लोग, ऑस्ट्रेलियाई गणमान्य व्यक्ति और सिनेमा प्रेमी शामिल होंगे। इससे पहले यह गौरव स्वर्गीय ऋषि कपूर, आमिर खान, ऐश्वर्या राय बच्चन और राम चरण जैसी प्रमुख हस्तियों को मिल चुका है।
”रेखा जी एक टाइमलेस आइकॉन हैं”: मीतू भौमिक
IFFM की संस्थापक और फेस्टिवल डायरेक्टर मीतू भौमिक लांगे ने कहा कि रेखा जी को गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में आमंत्रित करना उत्सव के लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि रेखा जी का ग्रेस और उनका अभूतपूर्व काम दुनिया भर की पीढ़ियों को प्रेरित करता आ रहा है।
