धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का प्रभार, कहा- ‘पीएम मोदी ने जताया पूरा भरोसा’
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का प्रभार, कहा- ‘पीएम मोदी ने जताया पूरा भरोसा’
देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर जारी व्यापक छात्र विरोध के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी ने रविवार को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है। वर्तमान में केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी अब अपने मौजूदा मंत्रालय के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
पदभार संभालते ही समीक्षा बैठकों का दौर शुरू
नया प्रभार संभालने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर पूरा भरोसा जताते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक लगातार बैठकें कर उन्होंने मंत्रालय के कामकाज और विभिन्न विषयों की समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि विषय नया होने के कारण वे इसे पूरी तरह समझने के बाद ही विस्तार से बात करेंगे। इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भी उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस दायित्व को पूरी विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाने की बात कही।
राष्ट्रपति ने स्वीकार किया धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत प्रधानमंत्री की सलाह पर धर्मेंद्र प्रधान का मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। साथ ही, प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की मंजूरी दी है।
जोशी की यह नियुक्ति ऐसे नाजुक समय में हुई है जब छात्र और राजनीतिक दल परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रधान के इस्तीफे के बाद सरकार ने यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है।
