गुयाना में बड़ा नाव हादसा: तट के पास पलटी फेरी, 27 शव बरामद और 83 लोग अब भी लापता
गुयाना में बड़ा नाव हादसा: तट के पास पलटी फेरी, 27 शव बरामद और 83 लोग अब भी लापता
दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना के उत्तर अटलांटिक तट से करीब सात मील दूर एक भयावह नाव हादसा सामने आया है। राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैतुमा गांव जा रही ‘एमवी बारिमा’ (MV Barima) नामक फेरी शनिवार देर रात समुद्र में पलट गई। सोमवार को स्थानीय सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अब तक समुद्र से 27 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 83 लोग अभी भी लापता हैं।
कैप्टन और क्रू कस्टडी में: ड्रग्स लेने की हुई पुष्टि
शुरुआत में अधिकारियों ने दुर्घटना में किसी लापरवाही से इनकार किया था, लेकिन बाद की जांच में गंभीर खुलासे हुए हैं:
ड्रग्स का सेवन: गुयाना के लोक निर्माण मंत्री जुआन एडगिल ने बताया कि कैप्टन और चालक दल (क्रू) के कम से कम एक अन्य सदस्य की जांच में गांजे (कैनबिस) के सेवन की पुष्टि हुई है।
पुलिस कस्टडी: फेरी के कैप्टन और क्रू मेंबर्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
यात्रियों की गलत सूची: अधिकारियों ने शुरुआत में नाव पर 133 लोगों के होने की बात कही थी, लेकिन बोर्डिंग फुटेज की जांच के बाद पता चला कि नाव पर 179 लोग सवार थे।
बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने पुष्टि की है कि हादसे में अब तक 69 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
शुरुआती चुनौतियां: शनिवार रात करीब 11 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, घने अंधेरे और पानी में तलाश करने वाले स्कैनर जहाजों की कमी के कारण शुरुआती बचाव कार्य केवल आंखों और आवाज के सहारे चलाना पड़ा।
अभियान का विस्तार: बाद में तेल और गैस कंपनियों की मदद से स्कैनर युक्त जहाजों और गोताखोरों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने सर्च ऑपरेशन का दायरा 400 वर्ग किमी से बढ़ाकर 1,040 वर्ग किलोमीटर (401 वर्ग मील) कर दिया है ताकि लापता 83 लोगों का पता लगाया जा सके।
