राष्ट्रीय

दिल्ली में CJP का ‘संसद मार्च’, पुलिस का लाठीचार्ज, NTA दफ्तर में घुसने की खबर को पुलिस ने बताया अफवाह

NEET पेपर लीक: दिल्ली में CJP का ‘संसद मार्च’, पुलिस का लाठीचार्ज, NTA दफ्तर में घुसने की खबर को पुलिस ने बताया अफवाह

​NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की तरफ से बुलाए गए ‘संसद मार्च’ के दौरान दिल्ली की सड़कों पर भारी हंगामा देखने को मिला। संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन हजारों प्रदर्शनकारी छात्र और युवा जंतर-मंतर पर ‘चलो संसद’ मार्च के लिए जमा हुए। हालांकि, पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

​इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ प्रदर्शनकारियों के ओखला स्थित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के दफ्तर में सुरक्षा घेरा तोड़कर घुसने की खबरें उड़ने लगीं, जिस पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत स्थिति साफ की।

​NTA दफ्तर में सुरक्षा में चूक की खबर पूरी तरह गलत: दिल्ली पुलिस

​दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर NTA दफ्तर में जबरन घुसने की खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद और गलत बताया है। पुलिस के अनुसार:

​”NTA दफ्तर में हालात पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण हैं। सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी है। परीक्षा परिणाम को लेकर शिकायत करने आए सिर्फ 5 से 7 अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को ही नियमों के तहत अधिकारियों से मिलने की अनुमति दी गई थी। मौके पर पर्याप्त बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।”

​’संसद मार्च’ और विरोध प्रदर्शन की बड़ी बातें

​लाठीचार्ज और इंटरनेट सेवा बाधित: संसद की ओर बढ़ने के प्रयास में बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें कुछ छात्रों और पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। सुरक्षा के मद्देनजर सेंट्रल दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की भी खबरें हैं।

​प्रमुख नेता हिरासत में, जेपी नड्डा से मुलाकात: सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, खुद प्रवक्ता सौरव दास को भी डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर ले जाया गया। हालांकि, दो घंटे के इंतजार के बाद सौरव दास ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर उनसे 10 मिनट मुलाकात की और मांगों का ज्ञापन सौंपा। नड्डा ने उन्हें आंतरिक स्तर पर बातचीत का आश्वासन दिया है।

​अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान की बैठक: एक तरफ जहां सड़कों पर सीजेपी कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अड़े थे, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद भवन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ इस संकट को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की।

​सोनम वांगचुक की अपील पर खत्म हुई भूख हड़ताल

​जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को लेकर एक बड़ी राहत की खबर आई है:

​छात्रों ने तोड़ा अनशन: प्रोटेस्ट साइट पर हंगर स्ट्राइक पर बैठे छात्र नेहा, मनीष और आमीन ने सांसद मनोज झा, राजाराम सिंह, डॉ. योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण और अभिनेता प्रकाश राज के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल (Delegation) की अपील पर अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी।

​अभिजीत दीपके का अनशन समाप्त: सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रख्यात एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के कहने पर अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर दी है।

​अस्पताल से मार्च में शामिल होने की गुजारिश: बता दें कि 21 दिन की भूख हड़ताल के कारण तबीयत बिगड़ने पर सोनम वांगचुक को 18 जुलाई से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से ही वांगचुक ने अधिकारियों से गुजारिश की है कि उन्हें कुछ समय के लिए छुट्टी दी जाए ताकि वे सीजेपी के इस पार्लियामेंट प्रोटेस्ट मार्च में शामिल हो सकें।

​तनावपूर्ण माहौल के बीच सीजेपी ने अपने समर्थकों से ‘शांत रहने’ और अहिंसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि वे इस लड़ाई को सिर्फ शांति और प्यार से ही जीतेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *