गुरुग्राम मुठभेड़: दीपक नांदल गैंग के 4 बदमाश ढेर, जानें म्यूजिक इंडस्ट्री से गैंगस्टर बनने की पूरी कहानी
गुरुग्राम मुठभेड़: दीपक नांदल गैंग के 4 बदमाश ढेर, जानें म्यूजिक इंडस्ट्री से गैंगस्टर बनने की पूरी कहानी
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के चार शूटरों को ढेर कर दिया गया। यह एनकाउंटर गुरुग्राम के सुशांत लोक ए-ब्लॉक में हुआ। दोनों ओर से हुई भीषण फायरिंग में पांच बदमाशों को गोली लगी, जिनमें से चार की मौत हो गई। इस क्रॉस फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने एक यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे का अपहरण किया था और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। इस घटना के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल का नाम एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
कौन है गैंगस्टर दीपक नांदल?
दीपक नांदल हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में जुर्म की दुनिया का एक खूंखार नाम बन चुका है। वह हत्या, किडनैपिंग, रंगदारी और फिरौती जैसे दर्जनों मामलों में वांछित है। मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला दीपक नांदल कानून की पकड़ से बचने के लिए साल 2023 में फर्जीवाड़ा कर विदेश भाग गया था। पुलिस के अनुसार, वह पहले दुबई गया और फिलहाल लंदन में बैठकर सात समंदर पार से इंटरनेट के जरिए भारत में अपना पूरा सिंडिकेट ऑपरेट कर रहा है।
म्यूजिक प्रोड्यूसर से गैंगस्टर बनने का सफर
अपराध की दुनिया में आने से पहले दीपक नांदल हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा था। वह रैपर, परफॉर्मर और म्यूजिक प्रोड्यूसर के तौर पर काम करता था। उसने मशहूर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया और बॉलीवुड रैपर बादशाह के साथ ‘हरियाणा रोडवेज’ और ‘कर गई चुल’ जैसे सुपरहिट गानों में काम किया था। वह लंबे समय तक राहुल फाजिलपुरिया का ऑन-ग्राउंड मैनेजर और बेहद करीबी दोस्त रहा। साल 2017 में गुरुग्राम के एक ड्रंक एंड ड्राइव विवाद और 2019 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीपक कलाल के साथ हुई मारपीट के मामले में भी फाजिलपुरिया के बचाव में नांदल का नाम सामने आया था।
5 करोड़ की रंगदारी और कत्लेआम की धमकी
म्यूजिक इंडस्ट्री से शुरू हुई दोस्ती साल 2025 में खूनी दुश्मनी में बदल गई। राहुल फाजिलपुरिया पर हुए एक हमले के बाद दीपक नांदल के नाम से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि फाजिलपुरिया ने नांदल से 5 करोड़ रुपये लिए थे जो वापस नहीं किए। धमकी दी गई कि पैसे न मिलने पर हर महीने फाजिलपुरिया के किसी करीबी को मारा जाएगा। इसके बाद अगस्त 2025 में फाजिलपुरिया के अकाउंटेंट रोहित शौकीन की गुरुग्राम में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसकी जिम्मेदारी भी दीपक नांदल ने ली थी।
सोशल मीडिया से ऑपरेट होता है गैंग, पुलिस तोड़ने में जुटी
हरियाणा एसटीएफ और आईजी बी सतीश बालन के मुताबिक, दीपक नांदल फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी ‘डॉन’ वाली छवि पेश करता है। इसके झांसे में आने वाले बेरोजगार युवाओं को वह 10 हजार से 50 हजार रुपये का लालच देकर गैंग में भर्ती करता है। वह व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे ऐप्स के जरिए शूटरों को कमान भेजता है।
विदेश में बैठकर अपनी गैंग चलाने वाले दीपक नांदल को लेकर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर पुलिस लगातार एक्टिव है। पुलिस उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने और उसे भारत डिपोर्ट करने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है, ताकि इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
