WhatsApp पर जल्द मिलेगा फेसबुक जैसा ‘बर्थडे रिमाइंडर’ फीचर, बीटा वर्जन में हुआ स्पॉट
WhatsApp पर जल्द मिलेगा फेसबुक जैसा ‘बर्थडे रिमाइंडर’ फीचर, बीटा वर्जन में हुआ स्पॉट
नई दिल्ली: लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक बेहद उपयोगी फीचर पर काम कर रहा है। यह नया फीचर यूजर्स को उनके सेव्ड कॉन्टैक्ट्स (Saved Contacts) के जन्मदिन का रिमाइंडर देगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस फीचर को ‘Birthdays’ नाम से टेस्ट कर रही है और इसे हाल ही में वॉट्सऐप के एंड्रॉइड बीटा वर्जन में देखा गया है।
’अपकमिंग बर्थडे’ के लिए मिलेगा अलग सेक्शन
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, वॉट्सऐप इस फीचर को एंड्रॉइड बीटा वर्जन 2.26.27.3 में डेवलप कर रहा है। अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (जैसे फेसबुक) की तरह ही वॉट्सऐप में भी इसके लिए एक डेडिकेटेड सेक्शन दिया जाएगा। इस सेक्शन में यूजर्स को उनके उन कॉन्टैक्ट्स के अपकमिंग बर्थडे की एक लिस्ट दिखाई देगी, जैसे वर्तमान में वॉट्सऐप स्टेटस की लिस्ट दिखती है। हालांकि, अभी यह फीचर डेवलपमेंट फेज में है, इसलिए बीटा टेस्टर्स भी इसे एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
रेगुलेटरी परमिशन बन सकती है चुनौती
इस फीचर को लागू करने के लिए वॉट्सऐप को यूजर्स के डेट ऑफ बर्थ (DOB) डेटा का इस्तेमाल करना होगा। अमेरिका समेत कई देशों में वॉट्सऐप एज वेरिफिकेशन (उम्र की पुष्टि) के लिए यूजर्स का डेट ऑफ बर्थ कलेक्ट करता है। इसी डेटा का इस्तेमाल इस रिमाइंडर फीचर के लिए किया जा सकता है।
हालांकि, भारत समेत कई देशों में यूजर डेटा प्राइवेसी को लेकर कड़े नियम हैं। ऐसे में कलेक्ट किए गए डेटा को इस तरह इस्तेमाल करने के लिए कंपनी को रेगुलेटरी परमिशन की जरूरत पड़ सकती है, जो वॉट्सऐप के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। कंपनी का हमेशा से दावा रहा है कि उसका प्लेटफॉर्म पूरी तरह से एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड है और दो यूजर्स के बीच की बातचीत पूरी तरह प्राइवेट रहती है।
कब तक होगा रोलआउट?
फिलहाल इस फीचर की बीटा टेस्टिंग अभी शुरुआती चरण में है। बीटा टेस्टर्स के लिए इसे लाइव किए जाने के बाद ही इसके काम करने के तरीके और ग्लोबल रोलआउट को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी। अगर यह फीचर आता है, तो यूजर्स को अपने दोस्तों और करीबियों को समय पर बर्थडे विश करने में काफी आसानी हो जाएगी।
