तलाक के 4 साल बाद शो ‘अलायंस’ में आमने-सामने आए सोहेल खान और सीमा सजदेह, सोहेल बोले- “गलती की जिम्मेदारी मेरी”
तलाक के 4 साल बाद शो ‘अलायंस’ में आमने-सामने आए सोहेल खान और सीमा सजदेह, सोहेल बोले- “गलती की जिम्मेदारी मेरी”
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान और उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह भले ही साल 2022 में अलग हो चुके हों, लेकिन दोनों के बीच आज भी एक सम्मानजनक रिश्ता कायम है। इन दिनों सोहेल खान रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आ रहे हैं, जहां हाल ही में सीमा सजदेह ने बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री ली है। तलाक के बाद पहली बार दोनों नेशनल टेलीविजन पर पब्लिकली आमने-सामने आए, जहां सोहेल के एक बयान ने सबका दिल जीत लिया।
शो के होस्ट कुणाल खेमू ने जब सोहेल खान से सीमा को अचानक सामने देखकर उनकी भावनाएं पूछीं, तो सोहेल काफी भावुक हो गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा:
”बहुत बढ़िया। मैं इस खूबसूरत महिला के साथ 25 साल रहा हूं, और मैं नेशनल टेलीविज़न पर यह मानता हूं कि अगर हमारे बीच कोई भी गलती हुई होगी, तो उसकी ज़िम्मेदारी मैं लेता हूं।”
सोहेल खान की इस बात को सुनकर सीमा सजदेह भी काफी भावुक नजर आईं। सोशल मीडिया पर दोनों का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस सोहेल के इस बड़प्पन की काफी तारीफ कर रहे हैं।
सीमा ने बताया क्यों चुना यह शो
शो में एंट्री से पहले सीमा सजदेह ने साझा किया कि उन्हें हमेशा अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर नई चुनौतियों का सामना करना पसंद है। उनके मुताबिक, ‘अलायंस’ सिर्फ टास्क जीतने का खेल नहीं है, बल्कि यह इंसानी रिश्तों को समझने और सही फैसले लेने की एक परीक्षा है। वह इस शो में अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए लोगों के साथ नए रिश्ते बनाने और अपने अंदाज में खेल खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
24 साल की शादी के बाद 2022 में हुए थे अलग
सोहेल खान और सीमा सजदेह ने साल 1998 में लव मैरिज की थी। इस शादी से दोनों के दो बेटे- निर्वान खान और योहान खान हैं। लगभग 24 साल तक साथ रहने के बाद, दोनों ने साल 2022 में आपसी सहमति से तलाक लेकर अपने रास्ते अलग कर लिए थे। हालांकि, अलग होने के बाद भी दोनों मिलकर अपने बच्चों की परवरिश (को-पेरेंटिंग) कर रहे हैं।
