जहरीले कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान हुआ हादसा
जहरीले कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान हुआ हादसा
कोलकाता: बॉलीवुड और बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता राजेश शर्मा को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान एक जंगल वाले इलाके में उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। राहत की बात यह है कि उपचार के बाद उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश शर्मा कुछ तकनीशियनों के साथ खड़े थे, तभी उनके दाहिने पैर में कीड़े ने काटा। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली समझा, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया जो घुटने तक पहुंच गया। इसके बाद उन्हें तेज बुखार, बेचैनी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत ढाकुरिया के एक अस्पताल ले जाया गया।
AICWA ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने फिल्म सेट पर सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर मेकर्स पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कलाकारों और तकनीशियनों को सुरक्षित माहौल और इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं देना निर्माताओं की जिम्मेदारी है। एसोसिएशन का आरोप है कि कई लोकेशंस पर बुनियादी सुविधाओं की कमी होती है, लेकिन लोग काम छूटने के डर से आवाज नहीं उठाते।
’माचिस’ से की थी शुरुआत, कई सुपरहिट फिल्मों का रहे हिस्सा
8 अक्टूबर 1970 को लुधियाना में जन्मे और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से प्रशिक्षित राजेश शर्मा इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद चरित्र अभिनेताओं में से एक हैं।
डेब्यू: उन्होंने साल 1996 में फिल्म ‘माचिस’ से अपने करियर की शुरुआत की थी, जबकि हिंदी सिनेमा में उन्हें बड़ी पहचान ‘परिणीता’ से मिली।
प्रमुख फिल्में: वे ‘भूल भुलैया 3’, ‘पीकू’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘स्पेशल 26’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘खोसला का घोसला’ जैसी कई यादगार फिल्मों में अपने शानदार अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं।
