राष्ट्रीय

महाराष्ट्र: डॉक्टरों से मारपीट के आरोप में शिंदे गुट के शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे गिरफ्तार

महाराष्ट्र: डॉक्टरों से मारपीट के आरोप में शिंदे गुट के शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, पीड़ित डॉक्टर सदमे में

​मुंबई: महाराष्ट्र के डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शिंदे गुट (शिवसेना) के नगरसेवक रमेश म्हात्रे को उनके घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में बेड उपलब्ध न होने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई थी।

​समर्थकों के साथ अस्पताल में की थी मारपीट, CCTV में कैद हुई घटना

​जानकारी के अनुसार, सोमवार को कल्याण-डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। एनआईसीयू में बेड खाली न होने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि नेता और उनके समर्थकों ने दो डॉक्टरों और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट की यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी। इस घटना के विरोध में मेडिकल कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया, जिससे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी (Outpatient) सेवाएं काफी समय तक बाधित रहीं।

​बेड न होने पर शुरू हुआ था विवाद

​अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, प्रसव के लिए भर्ती एक महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने देखा कि गर्भनाल शिशु के गले के चारों ओर दो बार लिपटी हुई थी, जिससे बच्चे को तुरंत विशेष देखभाल (NICU) की जरूरत थी। चूंकि उस समय अस्पताल का एनआईसीयू बेड पूरी तरह भरा हुआ था, इसलिए ड्यूटी पर मौजूद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि बाविस्कर और डॉ. वैभव सालुंखे ने परिजनों को बच्चे को किसी दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसी सलाह के बाद आरोपियों ने डॉक्टरों के साथ बदसलूकी और मारपीट शुरू कर दी।

​पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता का छलका दर्द- ‘बेटी अभी भी सदमे में’

​घटना के बाद डॉ. सृष्टि बावीसकर के पिता महेंद्र बाविस्कर और मां संगीता बाविस्कर अपनी बेटी से मिलने अस्पताल पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपना दर्द बयां किया और कहा, “अगर संवैधानिक पदों पर बैठे लोग ही इस तरह की हरकतें करेंगे, तो कोई अपनी बेटियों को कैसे पढ़ाएगा-लिखाएगा और बाहर काम पर भेजेगा?” उन्होंने बताया कि भले ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उनकी बेटी अभी भी बेहद डरी हुई और मानसिक तौर पर परेशान है। वह इस सदमे से उबर नहीं पाई है और आगे नौकरी जारी रखेगी या नहीं, इस पर अभी कोई फैसला नहीं ले सकी है।

​विपक्ष का सत्ता पक्ष पर हमला

​अस्पताल में हुई इस गुंडागर्दी के बाद महाराष्ट्र की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ शिवसेना पर तीखा निशाना साधते हुए नेताओं पर सत्ता का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ, पुलिस की इस कार्रवाई से पहले आरोपी शिवसेना नेता रमेश म्हात्रे ने अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोपों से इनकार किया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *