मौसम अपडेट: दिल्ली-एनसीआर समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
मौसम अपडेट: दिल्ली-एनसीआर समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
दिल्ली-एनसीआर में एक हफ्ते की सुस्ती के बाद मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में बुधवार सुबह से ही घने बादलों और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत देश के 15 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक जोरदार मॉनसून की बारिश जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के कारण तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा हवा की गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार हुआ है और यह संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई है। 8 और 9 जुलाई को दिल्ली में काली घटाएं छाई रहेंगी और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। शाम के वक्त बारिश और तेज हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में मॉनसून दो चरणों में रफ्तार पकड़ेगा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर सहित वेस्ट यूपी के 13 से ज्यादा जिलों में 10 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, लखनऊ, कानपुर और अवध क्षेत्र सहित पूर्वी यूपी में 11 से 13 जुलाई तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 13 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 से 12 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है, जहाँ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान और हरियाणा में भारी बारिश की संभावना
हरियाणा और पंजाब में 9 जुलाई तक गुरुग्राम, हिसार, झज्जर और भिवानी समेत पूरे क्षेत्र में अलर्ट रहेगा। राजस्थान में 8 और 9 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 9 जुलाई तक और पूर्वी हिस्से में 11 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 8 से 11 जुलाई के बीच आंधी, तूफान और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में भी 11 जुलाई तक मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
मॉनसून अपडेट- हरियाणा राजस्थान में एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के बचे हुए हिस्सों को पूरी तरह से कवर करने के बेहद करीब है। अगले 2-3 दिनों के भीतर मॉनसून के अरब सागर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसके अलावा कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, सिक्किम और गुजरात में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर भारत के राज्यों को अगले तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
