राष्ट्रीय

बारुईपुर रेप-मर्डर केस: एनकाउंटर में मारे गए आरोपी प्रवास मंडल का शव लेने से मां का इनकार, कहा- ‘किए की सजा मिली’

बारुईपुर रेप-मर्डर केस: एनकाउंटर में मारे गए आरोपी प्रवास मंडल का शव लेने से मां का इनकार, कहा- ‘किए की सजा मिली’

​कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के मुख्य आरोपी प्रवास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई है। इस घटना पर आरोपी की मां संध्या मंडल ने बेहद सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा है कि उनके बेटे ने जो गलत काम किया था, उसे उसकी सजा मिल गई है और वह उसका शव स्वीकार नहीं करेंगी।

​”मेरे बेटे ने कुछ अच्छा काम नहीं किया, उसे सजा मिली”

​न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में संध्या मंडल ने बताया कि दो पुलिसवाले उनके घर आए थे और उन्होंने बेटे की मौत की जानकारी देते हुए अस्पताल चलने को कहा। संध्या ने पुलिस से कहा, “मैं अस्पताल नहीं जा सकती क्योंकि मेरे पति बीमार हैं। पुलिस को जो करना है करे, मेरी तरफ से कोई रोक नहीं है।”

​उन्होंने आगे कहा, “मेरे बेटे को उसके किए की सजा मिली है। उसने कुछ अच्छा काम नहीं किया था, उसने गलत किया था। मैं उसका शव स्वीकार नहीं करूंगी और न ही उसे अपने घर लाऊंगी।”

​रीक्रिएशन के दौरान भागने की कोशिश में हुआ एनकाउंटर

​यह मामला बारुईपुर में एक 11 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और उसकी हत्या से जुड़ा है। गिफ्ट लेने बाजार गई बच्ची जब लापता हो गई, तो रविवार को उसका शव सूर्यपुर हाट इलाके के एक तालाब में बोरी में बंद मिला था। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रवास मंडल को गिरफ्तार किया था।

​पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी प्रवास को क्राइम सीन रीक्रिएशन (घटना के पुनरावृत्ति) के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया, तो उसने वहां से भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ (एनकाउंटर) में उसे गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *