अनुपम खेर ने अयोध्या में की पूजा-अर्चना; फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग हुई शुरू
अनुपम खेर ने अयोध्या में की पूजा-अर्चना; फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग हुई शुरू
अयोध्या: दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग शुरू करने से पहले अयोध्या पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने रामलला और हनुमान गढ़ी में बजरंगबली का आशीर्वाद लिया, जिसके बाद फिल्म के पहले शेड्यूल का आगाज हुआ। अयोध्या में इस फिल्म की शूटिंग करीब 10 से 12 दिनों तक चलेगी।
राम मंदिर के संघर्षों पर आधारित होगी फिल्म
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुपम खेर ने बताया कि फिल्म ‘श्री राम भूमि’ राम मंदिर के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, उससे जुड़े संघर्षों और उन कठिन परिस्थितियों पर आधारित है, जिनका सामना इस सफर के दौरान करना पड़ा था। यह फिल्म उन अनगिनत प्रयासों और चुनौतियों को पर्दे पर दर्शाने की एक कोशिश है, जिसके बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका।
कथित गबन मामले पर दी प्रतिक्रिया: “दोष चोर का होता है, घर का नहीं”
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन के मामले पर भी अभिनेता ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अपराध या गलत कृत्य के लिए पूरे मंदिर, समुदाय या करोड़ों लोगों की आस्था को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “यदि किसी घर में चोरी होती है, तो दोष उस घर का नहीं बल्कि चोरी करने वाले व्यक्ति का होता है। जो घटना हुई वह गलत थी और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
आस्था और दान की पवित्रता पर दिया जोर
अनुपम खेर ने लोगों से अपील की कि ऐसी घटनाओं को केवल संबंधित व्यक्तियों के निजी कृत्य के रूप में ही देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान राम और सनातन परंपरा का अस्तित्व अनादि काल से है और किसी एक घटना से श्रद्धालुओं की श्रद्धा कमजोर नहीं होनी चाहिए। जिन लोगों ने भी मंदिर में दान दिया, उन्होंने पूरी श्रद्धा और अटूट विश्वास के साथ दिया है, जिसे कुछ लोगों की गलत हरकतें प्रभावित नहीं कर सकतीं।
