Thursday, September 10, 2026
Latest:
राजनीति

​लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन: 18 KM का भव्य रोड शो, शर्मा की चाय की दुकान पर बोले- “2027 का बिगुल बज चुका है”

​लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन: 18 KM का भव्य रोड शो, शर्मा की चाय की दुकान पर बोले- “2027 का बिगुल बज चुका है”

​लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन का शनिवार को ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया, जिसे पूरा होने में 2 घंटे 45 मिनट का समय लगा। इस दौरान पूरे रास्ते में 42 स्थानों पर पंडाल और 20 भव्य स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां 30 अलग-अलग टोलियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

​’शर्मा की चाय’ पर सियासत: “2027 का बिगुल बज चुका है”

​रोड शो के दौरान उस वक्त राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अचानक लालबाग स्थित प्रसिद्ध ‘शर्मा की चाय’ की दुकान पर अपनी गाड़ी रुकवा दी। उन्होंने वहां रुककर चाय की चुस्की ली, बन-मक्खन का स्वाद चखा और दुकान पर मौजूद आम लोगों से बेहद सहजता से बातचीत की।

​इस संक्षिप्त पड़ाव के दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा:

​”2027 का बिगुल बज चुका है। चाय तो हर घर का विषय है। देश की जनता ने एक चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री बना दिया। जिन्होंने कभी उनका मजाक उड़ाया था, वे आज हाशिए पर हैं। इसलिए अब कोई चाय वाले का मजाक नहीं बनाता।”

​राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शर्मा की चाय की दुकान पर जाना महज एक सामान्य पड़ाव नहीं था, बल्कि यह आम आदमी से जुड़ाव और प्रधानमंत्री की पृष्ठभूमि को भुनाने की भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था।

​डेढ़ कुंतल की माला से क्रेन द्वारा स्वागत

​राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। जब उनका रथ लोकभवन के बाहर पहुंचा, तो ओबीसी मोर्चा द्वारा बेहद अनूठे ढंग से उनका स्वागत किया गया। वहां क्रेन की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई से डेढ़ कुंतल (150 किलो) की एक भव्य माला उन्हें पहनाई गई। नितिन नवीन ने रथ पर खड़े होकर उस माला को स्वीकार किया और जनता का अभिवादन किया। इस भव्य स्वागत कार्यक्रम की कमान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व संयोजक नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी संभाल रहे थे।

​एयरपोर्ट पर उमड़ा दिग्गजों का हुजूम

​इससे पहले शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे जब नितिन नवीन अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे, तो उनके स्वागत के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ मंत्री और नेता मौजूद थे।

​सुबह 11:20 बजे वह ‘सेवा, सुशासन, जनकल्याण रथ’ पर सवार होकर निकले। रास्ते में सरोजनी नगर के विधायक राजेश्वर सिंह, ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा और आलमबाग में नानक चंद लखमानी के नेतृत्व में सिंधी समाज ने उनका जोरदार स्वागत किया।

​”लखनऊ की धरती पर मिला पाटलिपुत्र से भी ज्यादा स्नेह”

​स्वागत समारोह के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नितिन नवीन बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा:

​”मुझे लखनऊ की पावन धरती पर अपनी जन्मभूमि पाटलिपुत्र से भी ज्यादा स्नेह और सम्मान मिला है, जिससे मैं अभिभूत हूं। उत्तर प्रदेश की यह धरती भगवान श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और भगवान कृष्ण की है। लखनऊ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का कार्यक्षेत्र रहा है। यहां के कार्यकर्ताओं ने जो प्रेम दिया है, उसे मैं कभी भूल नहीं सकूंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *