दो महीने बाद सुमोना चक्रवर्ती ने तोड़ी चुप्पी; एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर बयां किया अपना दर्द
एंटरटेनमेंट न्यूज़: दो महीने बाद सुमोना चक्रवर्ती ने तोड़ी चुप्पी; एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर बयां किया अपना दर्द
टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती लंबे समय से सोशल मीडिया से दूर थीं, लेकिन अब खुद अभिनेत्री ने इस दूरी की वजह बताते हुए अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का खुलासा किया है। सुमोना ने बताया कि पिछले दो महीने उनके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रहे, क्योंकि उन्हें एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) नाम की गंभीर बीमारी के कारण सर्जरी करानी पड़ी थी।
अब पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया है कि इस पूरे सफर ने उनकी सोच, जिंदगी और सोशल मीडिया को देखने का नजरिया पूरी तरह बदल दिया है।
’4 मई को हुई थी सर्जरी, अब पहले से बेहतर हूं’
सुमोना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “4 मई को मेरी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई। कई सालों से मैं इस बीमारी को दवाओं और इलाज के जरिए संभालने की कोशिश कर रही थी, लेकिन समय के साथ यह काफी बढ़ गई। आखिरकार डॉक्टरों ने सर्जरी का फैसला लिया। पिछले दो महीने मैंने सिर्फ खुद को रिकवर करने (ठीक करने) में लगाए। अब मैं पहले से काफी बेहतर हूं और खुद को पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रही हूं।”
अभिनेत्री ने अपनी डॉक्टर और पूरी मेडिकल टीम को फरिश्ता बताते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने साफ किया कि वह यह पोस्ट किसी तरह की सहानुभूति पाने के लिए नहीं कर रही हैं।
सोशल मीडिया को लेकर बदला नजरिया, महिलाओं के लिए बनाएंगी खास कम्युनिटी
इस बीमारी और सर्जरी के अनुभव ने सुमोना को जीवन को नए नजरिए से देखने की सीख दी है। उन्होंने बताया कि पहले वह व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को पूरी तरह छोड़ने का मन बना चुकी थीं। हालांकि, बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह उनके काम, परिवार और दोस्तों से जुड़ने का माध्यम भी है।
बदलेगा इस्तेमाल का तरीका: सुमोना ने कहा कि उनके लिए लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स कभी मायने नहीं रखते थे।
महिलाओं के लिए नई पहल: अब वह एक ऐसी कम्युनिटी (समुदाय) बनाने की योजना बना रही हैं, जहां महिलाएं खुलकर अपनी सेहत, मानसिक स्वास्थ्य, एंडोमेट्रियोसिस, पेरिमेनोपॉज, फिटनेस, ट्रैवल और किताबों जैसे विषयों पर बिना किसी झिझक के बातचीत कर सकें।
बॉडी शेमिंग और ट्रोलिंग पर दिया करारा जवाब
अपने पोस्ट में सुमोना ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग का भी खुलकर जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “अक्सर मेरी तस्वीरों पर मेरे शरीर (बॉडी शेमिंग) को लेकर अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं, जिनमें ज्यादातर पुरुष शामिल होते हैं। वहीं, जो लोग सकारात्मक सोच रखते हैं, वे अक्सर चुपचाप पोस्ट पढ़ते हैं या केवल पसंद करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि एक अभिनेत्री होने के नाते वह जानती हैं कि यह सब उनके पेशे का हिस्सा है। वह अपनी निजी जिंदगी को हमेशा प्राइवेट ही रखना चाहती हैं, लेकिन अगर एंडोमेट्रियोसिस से जुड़ी उनकी लड़ाई का अनुभव किसी दूसरी महिला की मदद कर सकता है, तो वह इसे जरूर साझा करेंगी।
’पेट पर बने तीन निशान मेरी जीत का सबूत हैं’
सर्जरी के बाद आए शारीरिक बदलावों पर बात करते हुए सुमोना ने कहा, “सर्जरी के बाद मेरे पेट पर तीन निशान (स्कार्स) रह गए हैं। इन्हें देखकर कभी-कभी मन परेशान हो जाता है, लेकिन फिर मैं खुद को याद दिलाती हूं कि ये निशान इस बात का सबूत हैं कि मैंने जिंदगी की एक बड़ी लड़ाई जीती है। बढ़ती उम्र डरने की नहीं, बल्कि गर्व करने की बात है, क्योंकि इसके साथ अनुभव, समझ और जीवन के प्रति आभार भी बढ़ता है।”
