Friday, June 26, 2026
खेल

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में श्री चरणी ने रचा इतिहास, एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बनीं

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में श्री चरणी ने रचा इतिहास, एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बनीं

​खेल डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया है। मैनचेस्टर में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टूर्नामेंट के 23वें मुकाबले में 2 विकेट चटकाकर वह विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के किसी एक सीजन में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं।

​श्री चरणी इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रही हैं और उन्होंने इस वर्ल्ड कप के महज 4 मुकाबलों में ही 12 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय खिलाड़ी पूनम यादव के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2020 के टी20 वर्ल्ड कप में 10 विकेट हासिल किए थे। इस सूची में डायना डेविड 9 विकेट (2010) के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि पूनम यादव (2014 और 2018) और राधा यादव (2018) 8-8 विकेट चटका चुकी हैं।

​इस टूर्नामेंट में श्री चरणी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 21 रन देकर 3 विकेट, न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 रन देकर 4 विकेट, साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 24 रन देकर 3 विकेट और अब बांग्लादेश के खिलाफ 21 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह इस हफ्ते की शुरुआत में अपने करियर में पहली बार आईसीसी विमेंस टी20 बॉलिंग रैंकिंग में नंबर 1 स्थान पर भी पहुंची हैं।

​विश्व स्तर पर बात करें तो विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की अमेलिया केर के नाम है, जिन्होंने साल 2024 में 15 विकेट लिए थे। इसके बाद इंग्लैंड की आन्या श्रुबसोल (2014) और ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट्ट (2020) 13-13 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। श्री चरणी फिलहाल साउथ अफ्रीका की नॉनकुलुलेको म्लाबा (2024) के साथ 12 विकेट लेकर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर काबिज हैं।

​भारतीय टीम का अभी एक लीग मैच बाकी है और टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी बनी हुई हैं। ऐसे में श्री चरणी के पास न सिर्फ अपने भारतीय रिकॉर्ड को बेहतर करने का मौका है, बल्कि वह अमेलिया केर के 15 विकेट के ऑल-टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी तोड़ सकती हैं।

​इस मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 8 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी थी, जिसके जवाब में भारत ने 16.5 ओवरों में 5 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *