Monday, September 7, 2026
Latest:
उत्तराखंड

साझा विरासत को सहेजने की अपील: चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा के आपसी सौहार्द से चलती है उत्तराखंड की आर्थिकी

साझा विरासत को सहेजने की अपील: चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा के आपसी सौहार्द से चलती है उत्तराखंड की आर्थिकी

​देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड अपनी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण चारधाम और हेमकुंट साहिब की यात्रा है, जो न केवल एक साथ संचालित होती हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और समरसता को भी बढ़ावा देती हैं। वर्तमान में कुछ घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर आ रही तीखी प्रतिक्रियाओं के बीच विशेषज्ञों का मानना है कि क्षणिक राजनैतिक लाभ या तात्कालिक आक्रोश के कारण इस सदियों पुराने सौहार्द को ठेस पहुंचती है, तो यह राज्य की संस्कृति के साथ-साथ उसकी आर्थिकी पर भी बड़ा प्रहार होगा।

​एक ही प्रवेश द्वार और सहयात्री की भावना

चारधाम और हेमकुंट साहिब की यात्राएं हमेशा से एक-दूसरे की पूरक रही हैं। इन दोनों ही यात्राओं का मुख्य प्रवेश द्वार ऋषिकेश है। इसके आगे केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंट साहिब जाने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा के एक बड़े हिस्से में सहयात्री के रूप में साथ चलते हैं। यात्रा मार्ग पर स्थानीय समुदाय, तीर्थयात्री और विभिन्न धार्मिक संस्थाएं मिलकर सेवा भाव को मजबूत करते हैं। यह परंपरा उत्तराखंड की उस सांस्कृतिक चेतना को दर्शाती है, जहां विभिन्न आस्थाओं का सम्मान सर्वोपरि है।

​ग्रंथी नंदा सिंह की ऐतिहासिक विरासत

इतिहास भी इस साझा सांस्कृतिक विरासत की पुष्टि करता है। चमोली जिले के भ्यूंडार गांव के निवासी नंदा सिंह करीब ढाई दशक तक हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी रहे। उनका जीवन इस बात का जीवंत प्रमाण है कि इस क्षेत्र की सांस्कृतिक धारा हमेशा से समावेशी रही है।

​आजीविका का बड़ा संकट

धार्मिक यात्राएं उत्तराखंड की आर्थिकी की रीढ़ हैं। राज्य के हजारों परिवारों की आजीविका सीधे तौर पर इन यात्राओं और यहां आने वाले श्रद्धालुओं पर निर्भर है। ऐसे में यह विचार करना जरूरी हो गया है कि एक पर्यटन और तीर्थाटन राज्य के रूप में उत्तराखंड को तात्कालिक आवेश के रास्ते पर जाना चाहिए या फिर शांति और संयम के साथ अपनी गौरवशाली परंपराओं की रक्षा करनी चाहिए। देवभूमि के इस देवतत्व और आपसी सद्भाव को बचाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *