श्रेयस अय्यर को टी20 की कमान: आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम घोषित
श्रेयस अय्यर को टी20 की कमान: आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम घोषित
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के साथ-साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। बोर्ड ने इस बार टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। धाकड़ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस चयन की सबसे बड़ी खबर आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तहलका मचाने वाले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्हें दोनों दौरों के साथ-साथ एशियन गेम्स की टीम में भी शामिल किया गया है। इसके अलावा घरेलू और आईपीएल मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को भी इंग्लैंड और आयरलैंड सीरीज के लिए पहली बार टीम इंडिया का टिकट मिला है, हालांकि उन्हें एशियन गेम्स की टीम में जगह नहीं दी गई है।
सूर्यकुमार यादव को आराम, सिराज और बुमराह को अलग-अलग जिम्मेदारी
भारत को हाल ही में अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को इस बार किसी भी टीम में शामिल नहीं किया गया है। उन्हें आगामी सीजन को देखते हुए आराम दिया गया है।
तेज गेंदबाजी की बात करें तो आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज में सीनियर गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम देकर कमान मोहम्मद सिराज को सौंपी गई है। वहीं, एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, जबकि वहां मोहम्मद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली है। टीम में स्पिनर रवि बिश्नोई और तेज गेंदबाज हर्षित राणा की भी वापसी हुई है।
सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारतीय टीम को इस दौरे पर पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इसके तुरंत बाद टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की एक लंबी टी20 सीरीज में हिस्सा लेगी।
आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, वैभव सूर्यवंशी, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।
