विश्व तंबाकू निषेध दिवस: तंबाकू छोड़ने के मात्र 20 मिनट बाद शुरू हो जाते हैं शरीर में सकारात्मक बदलाव, जानिए इसके बड़े फायदे
विश्व तंबाकू निषेध दिवस: तंबाकू छोड़ने के मात्र 20 मिनट बाद शुरू हो जाते हैं शरीर में सकारात्मक बदलाव, जानिए इसके बड़े फायदे
नई दिल्ली: तंबाकू और धूम्रपान को दुनिया भर में कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण माना जाता है। यही वजह है कि हर साल 31 मई को विश्व धूम्रपान निषेध दिवस (विश्व तंबाकू निषेध दिवस) मनाया जाता है, ताकि लोगों को तंबाकू के नुकसान और इससे छुटकारा पाने के लाभों के बारे में जागरूक किया जा सके। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तंबाकू छोड़ने का फैसला जितना मुश्किल लगता है, उससे कहीं अधिक इसके फायदे हैं। खास बात यह है कि तंबाकू छोड़ने के केवल 20 मिनट बाद ही शरीर में सकारात्मक बदलाव शुरू हो जाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, तंबाकू में मौजूद निकोटिन शरीर के लगभग हर अंग को प्रभावित करता है। इसके लंबे समय तक सेवन से कैंसर, फेफड़ों की बीमारी, हृदय रोग, स्ट्रोक और कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इतना ही नहीं, इसका असर परिवार और आसपास के लोगों पर भी पड़ता है, क्योंकि चेन स्मोकिंग और पैसिव स्मोकिंग भी सेहत के लिए समान रूप से हानिकारक मानी जाती है।
छोड़ने के बाद ऐसे रिकवर होता है शरीर
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) लोगों से तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की अपील करता है। मिशन के अनुसार, निकोटिन से दूरी बनाने के बाद शरीर खुद को धीरे-धीरे ठीक करना शुरू कर देता है। इसके फायदे समय के साथ इस तरह दिखते हैं:
20 मिनट बाद: ब्लड प्रेशर और हृदय गति सामान्य होने लगती है, जो शरीर के लिए पहला सकारात्मक संकेत है।
24 घंटे के भीतर: शरीर से निकोटिन बाहर निकलने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
48 घंटे के अंदर: स्वाद और सूंघने की क्षमता में सुधार महसूस होने लगता है। लोगों को भोजन का स्वाद पहले से बेहतर लगने लगता है।
दो महीने बाद: फेफड़ों की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलता है। सांस लेने में आसानी होने लगती है और दैनिक गतिविधियों के दौरान थकान कम महसूस होती है।
एक वर्ष बाद: दिल के दौरे (हार्ट अटैक) का खतरा लगभग आधा हो जाता है, जो हृदय स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
10 साल बाद: फेफड़ों के कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
यही कारण है कि किसी भी उम्र में तंबाकू छोड़ने का फैसला स्वास्थ्य के लिए हमेशा फायदेमंद साबित होता है।
मदद के लिए जारी हुआ टोल-फ्री नंबर
तंबाकू की लत छोड़ने में कठिनाई महसूस करने वाले लोगों के लिए सरकार द्वारा सहायता सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। नेशनल हेल्थ मिशन ने तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए 1800-112-356 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर सोमवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क कर विशेषज्ञ की सलाह ली जा सकती है।
