रूस में डिज़नी के सीनियर भारतीय मैनेजर को ढाई साल की जेल; एयरपोर्ट पर सामान से मिली थीं गांजे वाली ‘गमीज’
रूस में डिज़नी के सीनियर भारतीय मैनेजर को ढाई साल की जेल; एयरपोर्ट पर सामान से मिली थीं गांजे वाली ‘गमीज’
मॉस्को: रूस की एक अदालत ने अमेरिकी एंटरटेनमेंट दिग्गज ‘द वॉल्ट डिज़नी कंपनी’ (The Walt Disney Company) के एक सीनियर भारतीय मैनेजर को ढाई साल जेल की सजा सुनाई है। यह सख्त कार्रवाई मॉस्को के शेरमेतिएवो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके सामान से प्रतिबंधित गांजे (मारिजुआना) से बनी गमीज मिलने के बाद की गई है। सजा पाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान दातेराव जुगल सुधीर के रूप में हुई है।
रूसी सरकारी समाचार एजेंसी ‘TASS’ के मुताबिक, कोर्ट ने जुगल सुधीर को नशीले पदार्थों की तस्करी और उन्हें अवैध रूप से पास रखने का दोषी पाया है। हालांकि, कोर्ट ने सुधीर को सजा देने में थोड़ी नरमी बरती; सरकारी वकीलों ने उनके लिए साढ़े छह साल की जेल और 5 लाख रूबल के जुर्माने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें ढाई साल की जेल और 30,000 रूबल (लगभग 27,000 भारतीय रुपये) के जुर्माने की सजा सुनाई।
कतर से मॉस्को पहुंचते ही एयरपोर्ट पर हुआ एक्शन
यह पूरा मामला इसी साल जनवरी महीने का है। जुगल सुधीर कतर से उड़ान भरकर मॉस्को के शेरमेतिएवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। ग्रीन चैनल पार करते समय कस्टम चेकिंग के दौरान अधिकारियों को सुधीर के सामान पर शक हुआ।
जब उनके बैग की सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। बैग से ऐसी ‘गमीज’ (कैंडी) बरामद हुईं, जिनमें टीएचसी (THC) मिला हुआ था। टीएचसी मारिजुआना या गांजे में पाया जाने वाला मुख्य साइकोएक्टिव तत्व है, जिससे नशा होता है। चूंकि रूस में गांजे और उससे बने किसी भी प्रॉडक्ट को देश में लाना या पास रखना पूरी तरह गैरकानूनी है, इसलिए रूसी सुरक्षा एजेंसियों ने सुधीर को तुरंत हिरासत में ले लिया था।
बचाव में ब्रेन सर्जरी का हवाला, पर कोर्ट ने नहीं माना
मामले की सुनवाई के दौरान जुगल सुधीर के वकीलों ने अदालत में दलील दी कि सुधीर की कुछ समय पहले एक बड़ी ब्रेन सर्जरी हुई थी। इस सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट (दर्द और रिकवरी) के तौर पर ये गमीज खाने की सलाह दी थी। डिफेंस टीम ने जोर देकर कहा कि इन गमीज का इस्तेमाल सिर्फ सुधीर की निजी बीमारी के इलाज के लिए हो रहा था, इसे बेचने या सप्लाई करने का कोई इरादा नहीं था।
खुद सुधीर ने भी जज के सामने बयान दिया कि उन्होंने इसका इस्तेमाल किसी नशे के शौक के लिए नहीं किया। हालांकि, रूसी अदालत ने इन दलीलों को राहत देने के लिए पर्याप्त नहीं माना। कोर्ट का साफ कहना था कि रूसी कानून के मुताबिक प्रतिबंधित नशीला पदार्थ सीमा के भीतर लाना एक गंभीर अपराध है।
डिज्नी+ और हुलु जैसे बड़े ग्लोबल प्रोजेक्ट्स संभालते हैं सुधीर
दातेराव जुगल सुधीर वॉल्ट डिज्नी कंपनी में एक बेहद रसूखदार और सीनियर मैनेजमेंट पद पर तैनात हैं। पब्लिक रिकॉर्ड्स के मुताबिक, वह कंपनी के भीतर 20 से ज्यादा बड़े और महत्वपूर्ण ग्लोबल प्रोजेक्ट्स की कमान संभाल रहे थे।
कॉर्पोरेट जगत में हलचल: सुधीर डिज़नी के डिजिटल और स्ट्रीमिंग बिजनेस में बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। वह डिज्नी+ (Disney+) और हुलु (Hulu) जैसे दुनिया के सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के पार्टनरशिप इंटीग्रेशन को देखते हैं। इतने बड़े अमेरिकी कॉर्पोरेट अधिकारी के रूस में गिरफ्तार होने और सजा मिलने से अंतरराष्ट्रीय मीडिया और बिजनेस जगत में हड़कंप मच गया है।
