चारधाम यात्रा 2026: केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर ठगी करने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक; 347 फर्जी फेसबुक पेज और 189 व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक
चारधाम यात्रा 2026: केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर ठगी करने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक; 347 फर्जी फेसबुक पेज और 189 व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक
रुद्रप्रयाग/गुप्तकाशी:
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और डिजिटल धोखाधड़ी से मुक्त रखने के लिए उत्तराखंड की रुद्रप्रयाग जिला पुलिस इस बार ‘हाईटेक’ मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. निहारिका तोमर के कुशल निर्देशन में जनपद की साइबर सेल टीम ने यात्रा शुरू होने से पहले ही सक्रिय होकर साइबर ठगों के खिलाफ एक बड़ा और अभूतपूर्व डिजिटल अभियान छेड़ रखा है।
विशेष रूप से देश-विदेश से आने वाले भोले-भाले श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का झांसा देकर ठगने वाले गिरोहों को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस की “साइबर कॉम्बैट फोर्स” लगातार इंटरनेट जगत पर पैनी नजर रख रही है।
फर्जी डिजिटल ठिकानों पर ‘साइबर कॉम्बैट फोर्स’ का बड़ा एक्शन
साइबर सेल ने सोशल मीडिया, इंटरनेट और मैसेजिंग ऐप्स पर सक्रिय फर्जी खातों, लुभावने विज्ञापनों और संदिग्ध बैंक खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अब तक की गई तकनीकी कार्रवाई के आंकड़े इस प्रकार हैं:
347 फर्जी फेसबुक पेज और 19 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट चिन्हित कर बंद कराए गए।
30 फर्जी वेबसाइट्स को ब्लॉक किया गया, जो हूबहू आधिकारिक बुकिंग साइट्स जैसी दिखती थीं।
189 व्हाट्सएप अकाउंट व मोबाइल नंबरों को हमेशा के लिए ब्लॉक कर दिया गया है।
ठगी की 48 शिकायतें, 118 बैंक खाते किए गए फ्रीज (होल्ड)
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने के नाम पर देशभर के श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी की अब तक 48 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इन पर त्वरित एक्शन लेते हुए साइबर सेल ने ठगों के सिंडिकेट से जुड़े 118 बैंक खातों को तत्काल प्रभाव से ‘होल्ड’ (फ्रीज) करवा दिया है, जिससे पैसों के अवैध लेन-देन पर पूरी तरह रोक लग गई है।
3 मुकदमे दर्ज, 2 ठग गिरफ्तार:
इस धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली गुप्तकाशी और कोतवाली सोनप्रयाग में कुल 3 एफआईआर (FIR) दर्ज की गई हैं, जबकि गिरोह के 2 शातिर अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
रुद्रप्रयाग जनपद का साइबर ग्राफ (वर्ष 2026):
कुल प्राप्त शिकायतें: 229
तेजी से जारी जांच: 144 शिकायतों पर वैधानिक कार्रवाई जारी।
दर्ज कुल एफआईआर: 12
इसके साथ ही, साइबर सेल ने न केवल अपराधियों को दबोचा है, बल्कि त्वरित तकनीकी हस्तक्षेप के माध्यम से अब तक 3 मामलों में पीड़ितों की ₹1,12,968 की डूबी हुई धनराशि सफलतापूर्वक रिफंड (वापस) भी कराई है।
”केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट से ही करें बुकिंग” — एसपी निहारिका तोमर
चारधाम यात्रियों को सतर्क करते हुए रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है:
”श्रद्धालु ध्यान दें कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल और केवल IRCTC की अधिकृत वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही की जा सकती है। इसके अलावा कोई भी अन्य माध्यम वैध नहीं है।”
इन बातों का विशेष ध्यान रखें:
सोशल मीडिया (फेसबुक/इंस्टाग्राम) पर दिखने वाले आकर्षक विज्ञापनों और लुभावने ऑफर्स के झांसे में न आएं।
किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर व्हाट्सएप नंबरों पर डॉक्यूमेंट्स न भेजें और न ही किसी QR कोड को स्कैन कर एडवांस पेमेंट (अग्रिम भुगतान) करें।
यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते पैसे ट्रांसफर होने से रोके जा सकें।
